सिर से पैर तक साड़ी में लिपटी... आगरा में पति सुरेंद्र शर्मा को मारकर बाथरूम में गाड़ने वाली रूबी ऐसे पहुंची कोर्ट रूम, कोई पहचान नहीं पाया

अरविंद शर्मा

• 11:51 AM • 05 Jul 2026

Agra Rubi: आगरा के सुरेंद्र शर्मा हत्याकांड में आरोपी पत्नी रूबी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. कोर्ट में बचाव के लिए कोई वकील नहीं पहुंचा. पुलिस अब हत्या की साजिश और संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है.

Agra Rubi

Agra Rubi

Google CTA

Agra Rubi in Court Room: उत्तर प्रदेश के आगरा से सामने आए सुरेंद्र शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. अपनी शातिराना चालों से 45 दिनों तक कानून की आंखों में धूल झोंकने वाली पत्नी रूबी को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. 4 जून को जब पुलिस के कड़े पहरे के बीच आरोपी रूबी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया तो उसका अहंकार पूरी तरह टूट चुका था. साड़ी से सिर से लेकर पैर तक मुंह ढके रूबी के कदम डगमगा रहे थे. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस हत्याकांड की संवेदनशीलता को देखते हुए कोर्ट में रूबी की तरफ से पैरवी करने के लिए कोई भी वकील सामने नहीं आया जिससे साफ है कि मायके और ससुराल दोनों पक्षों ने उससे पूरी तरह किनारा कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

कत्ल से लेकर कोर्ट तक की पूरी इनसाइड स्टोरी

4 जून को आगरा कोर्ट परिसर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम थे. वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. सरकारी गाड़ी से उतरते ही रूबी लगातार अपनी नजरें जमीन पर गड़ाए रही. कल तक जो महिला बंद दरवाजों के पीछे बेहद क्रूरता के साथ कत्ल की साजिश रच रही थी, वह अदालत की दहलीज पर कानून के खौफ से बुरी तरह सहमी हुई नजर आई. अभियोजन पक्ष ने कोर्ट के सामने रूबी के खिलाफ पुख्ता आरोप रखे. लेकिन रूबी के बचाव में कोई दलील देने वाला नहीं था.

'दृश्यम' फिल्म देखकर रची कत्ल की खौफनाक साजिश

यह पूरा मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की प्राची टावर चौकी स्थित रेणुका धाम कॉलोनी का है. यहां 44 साल के सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, दो बेटियों और अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहते थे. पुलिस पूछताछ में रूबी ने कुबूल किया कि उसने इस पूरे हत्याकांड की प्लानिंग मशहूर फिल्म दृश्यम की कहानी के आधार पर की थी.

18 मई की वारदात

रूबी ने अपने पति सुरेंद्र की बेरहमी से हत्या कर दी. कत्ल के बाद उसने शव को घर के अंदर ही बाथरूम के फर्श को खोदकर गाड़ दिया और ऊपर से प्लास्टर करवा दिया ताकि किसी को कानों-कान खबर न हो. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रूबी ने बेहद शातिराना अंदाज में सबको गुमराह करना शुरू किया. 18 मई की सुबह रूबी ने सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा को फोन कर कहा कि घर में पुलिस का कोई मामला हो गया है. इसलिए वे मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं. उसने अनिल को घर के अंदर आने से भी मना कर दिया.

इसके बाद उसने सबको बताया कि सुरेंद्र उससे झगड़ा करके और पैसे लेकर घर छोड़कर कहीं चला गया है. 26 मई को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई. रूबी खुद कुछ दिनों के लिए राजस्थान चली गई. वापस आने के बाद वह पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखती रही, पति को याद कर रोने का नाटक करती रही और हर सवाल का अलग जवाब देकर जांच को भटकाती रही.

राजमिस्त्री का बयान और ऐसे खुला खौफनाक राज

जांच के दौरान पुलिस को रूबी के बयानों में कई विरोधाभास मिले. शुक्रवार को जब पुलिस दोबारा उसके घर पहुंची तो उसका व्यवहार संदिग्ध लगा. कड़ाई से पूछताछ करने पर बाथरूम में शव होने की बात सामने आई. जब बाथरूम का फर्श खुदवाया गया तो अंदर सुरेंद्र का कंकाल देखकर हर कोई दंग रह गया. इस मामले में पुलिस ने उस राजमिस्त्री रवि कुमार को भी ढूंढ निकाला है जिसने बाथरूम में काम किया था. 

मिस्त्री ने बताया कि 'मैं पड़ोस में काम कर रहा था. दूसरे दिन शाम को जब मैं वहां गया तो रूबी बाल्टी भर-भरकर बाथरूम के अंदर मलबा डाल रही थी. मैंने कहा कि लेबर लगा लो तो उसने मना कर दिया कि हम खुद कर लेंगे. मुझे उस वक्त थोड़ा संदेह हुआ था. लेकिन फिर सब सामान्य लगा.'

पुलिस पूछताछ में रूबी ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनके बीच झगड़े होने लगे थे. सुरेंद्र शराब का लती था और आए दिन रूबी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था जिसकी पुष्टि पड़ोसियों ने भी की है. रूबी के मुताबिक, हत्या से दो दिन पहले भी सुरेंद्र ने शराब पीकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की थी जिससे तंग आकर उसने सुरेंद्र को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था.

अब आगे क्या?

फिलहाल कोर्ट के आदेश के बाद रूबी सलाखों के पीछे पहुंच चुकी है. आगरा पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की फॉरेंसिक जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस जघन्य हत्याकांड में रूबी के साथ कोई और भी शामिल था या उसने अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया.