Chandauli News: बिहार के राज्यपाल का डीडीयू जंक्शन पर आगमन, सुरक्षा व्यवस्था रही हाई अलर्ट

Newzo

• 11:32 AM • 05 Jul 2026

Bihar governor Chandauli visit : बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के आगमन को लेकर चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए. स्टेशन परिसर से लेकर वाराणसी जाने वाले पूरे रूट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद रहीं तथा हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई.

 बिहार के राज्यपाल का डीडीयू जंक्शन पर आगमन, सुरक्षा व्यवस्था रही हाई अलर्ट

बिहार के राज्यपाल का डीडीयू जंक्शन पर आगमन, सुरक्षा व्यवस्था रही हाई अलर्ट

Google CTA

Bihar governor Chandauli visit: बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के आगमन को लेकर रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. राज्यपाल के आगमन से पहले ही रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित आसपास के पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था. पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहे.

यह भी पढ़ें...

राज्यपाल वंदे भारत एक्सप्रेस से डीडीयू जंक्शन पहुंचे. यहां से वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए वाराणसी स्थित बीएचयू के लिए रवाना हुए, जहां उन्हें एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होना था. दौरे को देखते हुए डीडीयू जंक्शन से लेकर राज्यपाल के निर्धारित रूट तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. स्टेशन परिसर में यात्रियों और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की गई. मुगलसराय और अलीनगर पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान भी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके.

सुरक्षा व्यवस्था की कमान क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, यातायात क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा तथा मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने संभाली. अधिकारियों ने पूरे रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

राज्यपाल का काफिला डीडीयू जंक्शन से कड़ी सुरक्षा के बीच वाराणसी के लिए रवाना हुआ. पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क और व्यवस्थित रही तथा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.