आगरा का एक नामी होटल सोमवार दोपहर को अचानक किसी फिल्मी सेट में तब्दील हो गया. दरअसल एक कारोबारी पति पिछले कई दिनों से अपनी पत्नी की सीक्रेट एक्टिविटीज पर नजर रख रहा था. सोमवार को जैसे ही पत्नी अपनी बेटी से झूठ बोलकर अपने कथित प्रेमी से मिलने होटल पहुंची पीछे-पीछे जासूस बने पतिदेव भी धमक गए. फिर क्या था दोनों को एक साथ देखते ही पति का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. होटल के कमरे से लेकर लॉबी तक जमकर चीख-पुकार मची और हंगामा इतना बढ़ा कि स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए. आखिरकार मामले को शांत कराने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा. आइए जानते हैं क्या है पति-पत्नी और वो की पूरी इनसाइड स्टोरी.
ADVERTISEMENT
बेटी से बोला झूठ लेकिन पीछे लगा था पति का पहरा
पूरा मामला आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, कमला नगर इलाके का रहने वाला एक कारोबारी पिछले काफी समय से अपनी पत्नी की हरकतों से शक के घेरे में था. सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पत्नी ने अपनी बेटी से कहा कि वह किसी जरूरी काम से बाहर जा रही है. लेकिन वो काम क्या था यह पति पहले से भांप चुका था. पत्नी घर से निकलकर सीधे न्यू आगरा के एक होटल पहुंची जहां उसका कथित प्रेमी पहले से रूम बुक कराकर उसका इंतजार कर रहा था. महिला को लगा कि उसका प्लान एकदम परफेक्ट है. लेकिन उसे भनक भी नहीं थी कि उसका पति उसकी परछाई बनकर उसके पीछे आ रहा है.
होटल रूम में रेड फिर मचा चीख-पुकार
जैसे ही महिला होटल के कमरे में दाखिल हुई पीछे से पति ने भी धावा बोल दिया. दोनों को एक साथ रंगे हाथ पकड़ते ही होटल का माहौल अचानक बेहद गर्म हो गया. पति-पत्नी और कथित प्रेमी के बीच सरेआम तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया. शोर-शराबा इतना ज्यादा था कि होटल की दीवारें गूंज उठीं. हंगामा बढ़ता देख होटल के कर्मचारी मौके पर दौड़े और बीच-बचाव करने की नाकाम कोशिश की. जब बात काबू से बाहर हो गई तो होटल मैनेजमेंट ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी.
पुलिस की एंट्री और खुला रिश्तों का कड़वा सच
खबर मिलते ही न्यू आगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों किरदारों को होटल से सीधे थाने ले आई. पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई उसने सबको चौंका दिया. पता चला कि इस कपल की शादीशुदा जिंदगी पहले से विवादित है. महिला ने अपने पति के खिलाफ पहले से ही घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करा रखा है. इसके बावजूद, वे दोनों मजबूरी में एक ही छत के नीचे रह रहे थे और उनके बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था.
बिना केस दर्ज कराए ही हुआ समझौता
होटल में हुए इस ड्रामे को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. हर कोई यह जानने को उत्सुक था कि आगे क्या होगा. हालांकि इस कहानी का क्लाइमेक्स थोड़ा हैरान करने वाला रहा.
न्यू आगरा थाना के वरिष्ठ उप निरीक्षक ने बताया कि 'होटल में विवाद की सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई थी. तीनों पक्षों को थाने लाया गया जहां काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और बहस के बाद दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया. इसके बाद दोनों पक्ष बिना कोई लिखित तहरीर या शिकायत दिए वहां से चले गए.' भले ही पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों ने लिखित रूप से समझौता कर लिया हो और मामला शांत हो गया हो. लेकिन कुछ घंटों तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने पूरे इलाके में सुर्खियां बटोर ली हैं.
ADVERTISEMENT











