Mirzapur News: पति पर दूसरी शादी के शक में मां ने बच्चों संग खाया जहर, तीन की मौत, एक बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

Newzo

• 12:47 PM • 14 Jul 2026

Mirzapur Marriage Dispute: पति पर दूसरी शादी के संदेह ने एक परिवार को तबाह कर दिया. मिर्जापुर में महिला ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी विषैला पदार्थ खा लिया. घटना में मां समेत तीन की मौत हो गई, जबकि एक बेटी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है.

पति पर दूसरी शादी के शक में मां ने बच्चों संग खाया जहर, तीन की मौत, एक बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

पति पर दूसरी शादी के शक में मां ने बच्चों संग खाया जहर, तीन की मौत, एक बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

Google CTA

Mirzapur News: जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार को एक दर्दनाक पारिवारिक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. पति पर दूसरी शादी करने के संदेह के बीच एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कथित रूप से विषैला पदार्थ खिलाने के बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया. इस घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी का इलाज जारी है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार परसौना गांव निवासी कुसुम (38) ने अपने बच्चों राधिका (10), सत्या (8) और मधु (12) के साथ विषैला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर चारों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया. उपचार के दौरान कुसुम, राधिका और सत्या की मौत हो गई, जबकि मधु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुसुम का पति धर्मेंद्र धरिकार दिल्ली में रहकर काम करता है. महिला को संदेह था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को महिला के मायके पक्ष और पति के बीच समझौता भी हुआ था, जिसमें अगले दिन उसे ससुराल ले जाने की बात तय हुई थी. हालांकि, महिला का आरोप था कि पति उसे साथ नहीं ले गया, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया.

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. एक ही परिवार में तीन मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है. साथ ही विषैले पदार्थ के सेवन के कारणों और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है.