Mirzapur Pankaj Chaudhary News 10 July 2026: उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर मिर्जापुर पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया और जिला कार्यसमिति, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
ADVERTISEMENT
प्रेस वार्ता के दौरान पंकज चौधरी ने विंध्याचल मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं तथा एसआईटी जांच कर रही है. जांच में कोई भी व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे क्या कहते हैं, यह उनका विषय है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पहले भी चुनाव आयोग और न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता रहा है. उन्होंने कहा, "जो लोग कभी भगवान राम की परवाह नहीं करते थे और रामभक्तों पर गोली चलवाने का आरोप झेलते रहे हैं, आज वही राम की बात कर रहे हैं. देश की जनता सब समझती है."
राम मंदिर निर्माण और मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि मंदिर बनने के बाद उसके संचालन के लिए ट्रस्ट का गठन किया गया है, जो व्यवस्थाओं की देखरेख करता है. उन्होंने दोहराया कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलेगी.
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी तथा तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का दावा किया.
ADVERTISEMENT











