Mirzapur Crocodile Rescue: हलिया थाना क्षेत्र के हलिया ग्राम पंचायत के महादेव मजरा के मौर्या बस्ती में गुरुवार की सुबह एक विशालकाय मगरमच्छ के निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया.
ADVERTISEMENT
दरअसल, हलिया के महादेव मोहल्ले में अदवा नहर से निकलकर करीब सात फीट लंबा मगरमच्छ चहल कदमी करते हुए राम अकबाल मौर्य के घर के पास पहुंच गया, कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों ने जब टॉर्च जलाकर देखा तो मगरमच्छ चहल कदमी करते हुए पक्के मकान में घुस रहा था. गृह स्वामी व आसपास के लोगों ने डंडे की सहायता से मगरमच्छ को सीढ़ी के नीचे बने अर्ध निर्मित लैट्रिन रूम के अंदर बंद कर दिया. हल्ला गुल्ला सुनकर मौके पर पहुंचे श्याम नारायण मौर्य ने इसकी जानकारी वन क्षेत्राधिकारी संतोष राय को दी.
मगरमच्छ के सुरक्षित पकड़े जाने पर लोगों ने ली राहत की सांस
मौके पर पहुंचे वन्य जीव रक्षक संदीप कुमार, वनरक्षक अंकुर शुक्ला, शिवम सिंह, शीतला बक्स सिंह, अनिरुद्ध श्रीवास्तव मल्ले खान ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर मेजा ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया. मगरमच्छ के सुरक्षित पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ सुसुआड़ नाले से निकलकर अदवा नहर से होते हुए बस्ती तक पहुंच गया. गृह स्वामी राम अकबाल ने बताया कि समय रहते लोगों की नींद खुल गई अन्यथा मगरमच्छ बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था.
ADVERTISEMENT











