Mirzapur News: पूर्वांचल के मिर्ज़ापुर, भदोही, सोनभद्र समेत कई जिलों में गुरुवार से रुक-रुककर हो रही बारिश ने तेज धूप से कुछ राहत जरूर दिलाई है, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है.मौसम में नमी बढ़ने के कारण दिनभर लोग चिपचिपी गर्मी से बेहाल रहे.
ADVERTISEMENT
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार और अच्छी बारिश होने तक उमस से राहत मिलने की संभावना कम है.फिलहाल मौसम में नमी बनी रहने से लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश के बाद नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी गंभीर हो गई है. कई स्थानों पर सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है, वहीं जलजमाव के कारण संक्रामक और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है.
मिर्ज़ापुर जिला मंडलीय अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास की सड़कों पर बरसात का पानी जमा होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश में भी सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और कीचड़ फैल जाता है.
नागरिकों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था में सुधार, नियमित सफाई और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके.
ADVERTISEMENT











