Unnao Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लेकर जा रहा एक डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया. हादसे के बाद कई प्रश्नपत्रों के बंडल पानी में भीग गए. प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और पेपरों को सुरक्षित निकालकर दूसरी गाड़ियों से परीक्षा केंद्रों तक भिजवाया. दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
माखी थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
घटना उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के चाकलवंशी रोड स्थित बिरसिंहपुर गांव के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार डीसीएम हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के यूपी बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्र लेकर जा रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में पलट गया.
हादसे में डीसीएम चला रहा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है. सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
कई पेपर बंडल पानी में भीगे
बताया जा रहा है कि वाहन के पलटने से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के कई प्रश्नपत्र बंडल तालाब के पानी में भीग गए. प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस की मदद से भीगे हुए बंडलों को तालाब से बाहर निकाला. इसके बाद प्रश्नपत्रों को दूसरी गाड़ियों में लादकर संबंधित परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाया गया. तह घटना देर रात की बताई जा रही है, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
18 फरवरी से शुरू होने हैं यूपी बोर्ड परीक्षा
गौरतलब है कि 18 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षाएं शुरू होनी हैं. परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा हुआ है. ऐसे में इस हादसे ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी, हालांकि अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया गया.
DIOS ने दी सफाई
इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सुनील दत्त ने स्पष्ट किया कि जो चर्चाएं चल रही हैं, वे पूरी तरह सही नहीं हैं. उनके अनुसार डीसीएम प्रश्नपत्र छोड़कर वापस लौट रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.प्रशासन का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा और सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय से उपलब्ध कराए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ धाम में 62 मंदिरों से पहुंची पावन भेंट, महाशिवरात्रि पर दिखी ऐसी आध्यात्मिक एकता
ADVERTISEMENT









