आगरा में बनेगा हाई-टेक स्पोर्ट्स कॉलेज, जानिए इसके लिए कहां खोजी गई जमीन और क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी

Agra Sports College: ताजनगरी आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘खेलो यूपी’ संकल्प के तहत लगभग 50 हेक्टेयर भूमि पर एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जाएगा. बजट 2026-27 में इसके लिए प्रारंभिक 8 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

यूपी तक

• 01:12 PM • 16 Feb 2026

follow google news

Agra Sports College: ताजनगरी यानी आगरा के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'खेलो यूपी' संकल्प के तहत आगरा में एक अत्याधुनिक (हाई-टेक) स्पोर्ट्स कॉलेज बनने जा रहा है. अब आगरा और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय ट्रेनिंग के लिए दिल्ली या अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए बजट में भारी-भरकम राशि का प्रावधान किया है.

यह भी पढ़ें...

एत्मादपुर में बनेगा ये स्टेडियम

आगरा प्रशासन ने इस हाई-टेक स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए जमीन की खोज पूरी कर ली है. एत्मादपुर क्षेत्र में लगभग 50 हेक्टेयर (करीब 123 एकड़) भूमि चिह्नित की गई है. आपको बता दें कि योगी सरकार ने प्रदेश के 10 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए 80 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. इसमें से आगरा के कॉलेज के लिए शुरुआती तौर पर 8 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट 2026-27 में किया गया है. प्रशासनिक जांच पूरी होते ही इसका औपचारिक प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा.

'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस': पढ़ाई भी और खेल भी

यह स्पोर्ट्स कॉलेज केवल एक मैदान नहीं, बल्कि एक 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' होगा. यहाँ खिलाड़ियों को कई सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी. अंतरराष्ट्रीय मानक के मैदान होंगे. इसमें एथलेटिक्स, हॉकी, क्रिकेट और अन्य खेलों के लिए वर्ल्ड क्लास टर्फ और ट्रैक मिलेंगे. खिलाड़ियों के लिए आधुनिक हॉस्टल, जहाँ उनके खान-पान (डाइट) का विशेष ध्यान रखा जाएगा. परिसर के भीतर ही प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन होंगे, ताकि खिलाड़ियों की पढ़ाई का नुकसान न हो. आधुनिक ट्रेनिंग के तहत हाई-टेक जिम, फिजियोथेरेपी सेंटर और डेटा एनालिटिक्स की सुविधा मिलेगी. 

मिशन 2036 ओलंपिक: भविष्य के चैंपियंस की नर्सरी

इस पहल का मुख्य उद्देश्य 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक के लिए पदक विजेता तैयार करना है. सरकार चाहती है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को वैज्ञानिक पद्धति से ट्रेनिंग देकर वैश्विक मंच पर उतारा जाए.

खेल जगत की बड़ी हस्तियों ने क्या कहा?

यह फैसला ऐतिहासिक है. आगरा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस संसाधनों की दरकार थी. अब हमारी बेटियों और युवाओं को घर में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग मिलेगी.

हेमलता काला, पूर्व अध्यक्ष, चयन समिति, भारतीय महिला क्रिकेट टीम

मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज खुलना ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए संजीवनी है. यह भविष्य के ओलंपियंस तैयार करने की फैक्ट्री साबित होगी.

संजय गौतम, उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हॉकी संघ

एक ही परिसर में पढ़ाई और खेल होने से अभिभावक भी बच्चों को स्पोर्ट्स में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे.
कमल चौधरी, अध्यक्ष, आगरा हॉकी संघ

आगरा के एत्मादपुर में बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉलेज न केवल जिले की खेल संस्कृति को बदलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश को देश का 'स्पोर्ट्स हब' बनाने में मील का पत्थर साबित होगा.

यह भी पढ़ें: निवेशकों को लगा बड़ा झटका: बाजार खुलते ही इतना सस्ता हुआ सोना-चांदी, जानें 10 ग्राम सोने का लेटेस्ट रेट