Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में स्थित एक शुगर मिल में 50 साल के शरीफ कामदार के पद पर तैनात थे. अब उनका शव उनके घर पर मिला है. इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. पत्नी-बेटे-बेटियों का बुरा हाल है. बता दें कि शरीफ का शव फंदे पर लटका मिला है. मौके से उनका आखिरी नोट भी बरामद किया गया है. इसमें जो लिखा हुआ है, वह काफी झकझोर देने वाला है.
ADVERTISEMENT
‘घर में आटा तक नहीं है…’ नोट में ये सब लिखा हुआ मिला
मौके से जो नोट मिला है, उसमें पारिवारिक समस्याओं और मिल प्रबंधन के उत्पीड़न का जिक्र है. माना जा रहा है कि इसी सब से परेशान होकर शरीफ ने शनिवार को ये कदम उठा लिया.
नोट में शरीफ ने जो लिखा वह, वह झकझोर देने वाला है. नोट में लिखा है, मेरे परिवार का ध्यान रखना. मैं बहुत परेशानी हूं. घर में आटा भी नहीं है. मेरी लड़कियों का भी ध्यान रखना.
परिवार ने शव रखकर किया प्रदर्शन
बता दें कि मृतक के परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया. मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने मिल प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच बात करवाई. बताया जा रहा है कि मिल प्रबंधन कामगारों को पेप्सी साइड वितरण के लिए देता था. इसके बाद कामगार किसानों को ये बेचते थे और रुपयों को मिल में जमा करते थे. बताया जा रहा है कि शरीफ पर काफी पेप्सी साइड के रुपये बकाया थे, जो उन्होंने मिल को जमा नहीं किए थे. इसी को लेकर मिल प्रबंधन की तरफ से शरीफ पर दबाव बनाया जा रहा था. इसके बाद से ही शरीफ आर्थिक परेशानियों में फंसते चले गए.
आर्थिक सहायता मिलेगी
मिल प्रबंधन ने शरीफ के परिजनों से बात की. मिल की तरफ से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी और परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी.
इस मामले को लेकर सीओ सिटी प्रखर पांडे ने बताया, मृतक के परिजनों की तहरीर पर जांच की गई. जांच के दौरान मिल प्रबंधन के साथ पीड़ित पक्ष का समझौता हो गया.
ADVERTISEMENT









