Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया जब डीजे की धुन पर थिरकते कदम एक दूसरे के रास्ते में आ गए. मामला पीपल टोला मोहल्ले का है जहां एक तरफ बारात चढ़ रही थी और दूसरी तरफ तिलक समारोह चल रहा था. बस फिर क्या था? डांस की स्टेप्स को लेकर ऐसी जुबानी जंग छिड़ी कि लाठी-डंडे निकल आए. हालात ऐसे बने कि दूल्हे राजा को फेरों से पहले पुलिस की सिक्योरिटी लेनी पड़ी.
ADVERTISEMENT
डीजे पर डांस करने को लेकर बवाल
किस्सा शुरू हुआ सकीट थाना क्षेत्र में जहां शाक्य समाज के एक घर में तिलक का कार्यक्रम चल रहा था और डीजे पर लोग मस्त थे. इस दौरान दलित समाज की बारात भी इसी रास्ते से जा रही थी. तभी बारात में डांस कर रहे कुछ युवक डीजे पर डांस करने लगे.लेकिन मेजबानों को बिन बुलाए बारातियों का यह डांस रास नहीं आया. पहले कहासुनी हुई फिर धक्का-मुक्की और देखते ही देखते मामला फ्री-स्टाइल कुश्ती में बदल गया.
दो समुदायों का विवाद और दलित एंगल का पेच
रात होते-होते ये विवाद और अधिक बढ़ गया. दुल्हन की भाभी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि दबंगों ने न केवल बारात रोकी बल्कि जातिगत आधार पर मारपीट भी की. दूसरी तरफ से दलील दी गई कि सारा विवाद डीजे और बदतमीजी को लेकर था. लेकिन इसे जबरन दलित उत्पीड़न का एंगल देकर तूल दिया जा रहा है. इस बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बाराती और मेजबान एक-दूसरे पर हाथ साफ करते नजर आ रहे हैं. जैसे ही इस बवाल की सूचना मिली पुलिस मौके पर पहुंच गई. माहौल को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और अपनी मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराईं. आखिर पुलिस के साये में ही सही दूल्हे राजा अपनी दुल्हनिया को विदा करा सके.
एटा पुलिस इस मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि 'बारात रोकने या दलित समाज को निशाना बनाने के आरोप प्रथम दृष्टया सही नहीं लग रहे हैं.मामला डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुए आपसी विवाद का है. हालांकि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है.'
ADVERTISEMENT









