SI Ajay Gaur Mysterious Death: उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा अजय गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है. बस्ती जिले के परशुरामपुर थाने में तैनात दरोगा अजय गौड़ पिछले चार दिनों से लापता थे. उनका शव सोमवार को अयोध्या में सरयू नदी से बरामद किया गया. इस घटना के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं अजय गौड़ की पत्नी रंजिता ने इसे एक गहरी साजिश बताया है.
ADVERTISEMENT
5 फरवरी से लापता थे अजय गौड़
सामने आई जानकारी के अनुसार दरोगा अजय गौड़ 5 फरवरी से लापता हो गए थे.उन्होंने आखिरी बार अपनी पत्नी से बात की थी और इसके बाद फोन बंद कर दिया. रात को जब पत्नी ने रूटीन के तहत फोन लगाया तो बंद मिला जिसे पत्नी ने समझा कि काम के कारण फोन बंद किया होगा. लेकिन सुबह भी जब कई बार कॉल करने के बाद भी फोन नहीं लगा तो उनकी पत्नी ने एसआई के साथ काम करने वाले सिपाही से संपर्क किया.सिपाही ने बताया कि एसआई रात से कमरे पर नहीं हैं.
इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई और पत्नी की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने जब खोजबीन शुरू की तो दरोगा अजय गौड़ को सीसीटीवी फुटेज में बस्ती मुख्यालय के पास देखा गया था जिसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वह गायब हो गए. बस्ती पुलिस की कई टीमें दिन-रात उनकी तलाश में जुटी थीं. लेकिन सोमवार सुबह अयोध्या में सरयू नदी के पास उनका शव मिला.
पत्नी ने लगाए ये आरोप
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ अजय गौड़ की पत्नी रंजिता के बयान से आया है. उन्होंने इसे हादसा मानने से साफ इनकार कर दिया है. रंजिता का आरोप है कि उनके पति की बाइक अमहट पुल पर सिर्फ पुलिस को गुमराह करने के लिए खड़ी की गई थी. उन्हें शक है कि अजय गौड़ को बंधक बनाकर रखा गया था और उनके साथ परशुरामपुर थाने के आसपास ही कुछ गलत हुआ है. रंजिता ने कहा कि 'किसी भरोसेमंद इंसान ने उनके साथ विश्वासघात किया है. मेरी मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि सच सामने आ सके और हमें न्याय मिले.'
ADVERTISEMENT









