हाथरस में जिन सेना के जवान अखिलेश चौधरी को गोलियों से कर दिया गया छलनी अब उनकी पत्नी निधि को लेकर ये पता चला

Akhilesh Chaudhary Murder: उत्तर प्रदेश के हाथरस में भारतीय सेना के जवान अखिलेश चौधरी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है. कोर्ट से पेशी कर लौट रहे जवान को एनएच 93 पर बदमाशों ने घेरकर 10 गोलियां मारीं. पुलिस जांच में हत्या के पीछे लव मैरिज और पुरानी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है.

Akhilesh Chaudhary

राजेश सिंघल

06 Feb 2026 (अपडेटेड: 06 Feb 2026, 04:39 PM)

follow google news

Akhilesh Chaudhary Murder: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दिनदहाड़े हुई एक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. सादाबाद थाना क्षेत्र के एनएच 93 पर कोर्ट से पेशी कर लौट रहे भारतीय सेना के जवान अखिलेश चौधरी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई. ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि सेना के जवान अखिलेश चौधरी के हत्या के पीछे की असली वजह क्या है? अभी तक की सामने आई जांच में कुछ चौंकाने वाले एंगल सामने आए हैं जिसमें ये बात पता चली है कि अखिलेश ने निधि नाम की एक लड़की से लव मैरिज की थी. हालांकि निधि का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. ऐसे में अब ये भी उठ रहा है कि क्या अखिलेश की मौत के पीछे उनका कोई अपना शामिल था या फिर कोई पुरानी रंजिश?

यह भी पढ़ें...

कैसे की गई अखिलेश चौधरी की हत्या

हाथरस में यह वारदात उस वक्त हुई जब फौजी अखिलेश चौधरी अपनी कार से वापस लौट रहे थे. परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने पहले फौजी की कार के टायर में गोली मारकर उसे रोका. जैसे ही कार रुकी 4-5 बाइकों पर सवार बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. जान बचाने के लिए अखिलेश कार से निकलकर पास के एक कोल्ड स्टोरेज की तरफ भागे. लेकिन हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. 

प्यार, शादी और पुरानी रंजिश

इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे पुलिस ने लव मैरिज और पुरानी रंजिश का एंगल बताया है. अखिलेश चौधरी ने करीब 5-6 साल पहले एक निधि नाम की एक लड़की से लव मैरिज की थी. लड़की के पक्ष के लोग इस शादी के खिलाफ थे जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर का नाम भी सामने आ रहा है. इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में पहले भी मारपीट हुई थी और कोर्ट में मुकदमे चल रहे थे. अखिलेश इसी सिलसिले में कोर्ट की पेशी पर आए थे. पुलिस के मुताबिक मृतक फौजी पर भी मारपीट और जानलेवा हमले से संबंधित करीब 6 मुकदमे दर्ज थे.

 मूल रूप से सादाबाद के समदपुर गांव के रहने वाले अखिलेश चौधरी 2018 में भारतीय सेना के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में भर्ती हुए थे. फिलहाल उनकी पोस्टिंग आगरा के आर्मी बेस वर्कशॉप में चालक के पद पर थी. वह अपनी पत्नी निधि और 3 साल के बेटे के साथ कैंट में रहते थे.

जांच में जुटी 5 टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक 'अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसओजी और सर्विलांस सहित 5 टीमों का गठन किया गया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सेना के जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.'

ये भी पढ़ें: स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने और सीएम योगी पर भी बोलने वाले BJP MLA बृजभूषण राजपूत फंसे! मिली ये नोटिस