Basti missing girls news: गाजियाबाद की तीन सगी बहनें निशिका, प्राची और पाखी की मौत की खबर लगातार सुर्खियों में बनीं हुई है.इस बीच बस्ती जिले से भी एक बड़ी खबर सामने आ आई है. बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन स्कूली छात्राएं अचानक गायब हो गईं हैं. ये तीनों लड़कियां एक ही गांव की हैं जिनमें से दो सगी बहनें हैं. तीनों छात्राएं रोज की ही तरह पढ़ने के लिए स्कूल गई थीं. लेकिन छुट्टी के बाद जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने स्कूल से सम्पर्क किया. इस दौरान पता चला कि बच्चियां स्कूल की छुट्टी होने के बाद वो निकल गई थीं. एक ही गांव की तीन बेटियों के गायब होने से ग्रामीणों में आक्रोश और डर का माहौल है. साथ ही परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहााल पुलिस इन बच्चियों की तलाश में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
रोज की तरह स्कूल गई थीं तीनों लड़कियां
ये मामला सोनहा थाना क्षेत्र के मोहम्मद नगर का है जहां संतकबीर शंकर दास इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली तीन छात्राएं बुधवार सुबह घर से निकली थीं. इनमें से दो सगी बहनें कक्षा 11 की छात्राएं हैं.जबकि तीसरी छात्रा कक्षा 7 में पढ़ती है. जब शाम तक बेटियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने स्कूल में संपर्क किया. स्कूल प्रशासन ने बताया कि छात्राएं छुट्टी के बाद जा चुकी हैं.ऐसे में परेशान परिजनों को रिश्तेदारों और आसपास काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ रुधौली कुलदीप यादव ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
लव जिहाद वाले एंगल की भी चर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है. पुलिस ने तीनों छात्राओं की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है. सीओ कुलदीप यादव के मुताबिक पुलिस सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से छात्राओं की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ जानकारियां मिली हैं जिसके आधार पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
गांव में छात्राओं के गायब होने को लेकर लव जिहाद की चर्चाएं भी तेज हो गई थीं. इस पर सीओ कुलदीप यादव ने कहा कि 'प्रारंभिक जांच में अब तक लव जिहाद जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है. जांच के दौरान जो एक नाम निकलकर आया है उसमें ऐसी कोई बात नहीं दिखी. हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. अगर आगे की जांच में इस तरह का कोई प्रकरण सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









