देवर सुंदर संग चल रहा था भाभी गौरी का चक्कर, करीब रहने की चाह में पति लवकेश के साथ दोनों ने कर डाला ये कांड

Agra Murder Case: आगरा के गांव लौधई में पत्नी ने देवर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश की. पुलिस ने 12 घंटे में मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

नितिन उपाध्याय

• 01:57 PM • 14 Feb 2026

follow google news

Agra Murder Case: एक घर, चार साल पुरानी शादी और अंदर ही अंदर पलता एक ऐसा राज जिसने आखिरकार खौफनाक अंजाम ले लिया. उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसे सुनकर कोई भी दंग रह जाएगा. यहां पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रच डाली. आरोप है कि महिला के अपने रिश्ते में लगने वाले देवर के साथ प्रेम संबंध थे और उसी के साथ मिलकर उसने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया. दोनों ने मिलकर पहले पति का तकिए से दम घोंटा और फिर शव को साड़ी से बांधकर पंखे से लटका दिया.  

यह भी पढ़ें...

चार साल पहले हुई थी शादी

यह घटना थाना एकता क्षेत्र के गांव लौधई की है. गांव निवासी सुरेंद्र चंद्र के बेटे लवकेश की शादी चार साल पहले गौरी से हुई थी. शादी के बाद दोनों एक ही घर में रह रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान गौरी के रिश्ते में लगने वाले देवर सुंदर से प्रेम संबंध हो गए. जब लवकेश को इसकी जानकारी हुई तो उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की लेकिन बात बढ़ती गई और घर में आए दिन क्लेश होने लगा. 

10 फरवरी की रात रची गई साजिश

पुलिस के मुताबिक 10 फरवरी को गौरी ने अपने प्रेमी सुंदर के साथ मिलकर लवकेश की हत्या की योजना बनाई.  उसी रात जब लवकेश सो गया तो गौरी ने सुंदर को फोन कर घर बुलाया. दोनों ने मिलकर तकिए से लवकेश का दम घोंट दिया. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को साड़ी से बांधकर पंखे पर लटका दिया ताकि यह आत्महत्या प्रतीत हो. 

अंतिम संस्कार के बाद बढ़ा शक

पड़ोसियों से सूचना मिलने पर लवकेश के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने पंखे से लटका शव नीचे उतारा और प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या मानते हुए अंतिम संस्कार कर दिया.हालांकि परिवार के सदस्यों को शुरू से ही संदेह था कि लवकेश ऐसा कदम नहीं उठा सकता. इसी शक के आधार पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की. जांच के दौरान परिस्थितियां संदिग्ध पाई गईं और स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है. संदेह के आधार पर पुलिस ने पत्नी गौरी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपने रिश्ते में लगने वाले देवर सुंदर के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.

आरोपी को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी पत्नी गौरी और उसके प्रेमी सुंदर को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद कर लिया गया है. एसीपी ताज सुरक्षा, आगरा पीयूष कांत राय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है. मामले से जुड़े गिरफ्तारी के विजुअल, एफआईआर की कॉपी, थाने के दृश्य और एसीपी की बाइट भी सामने आई है.

यह भी पढ़ें: 10वीं पास युवाओं के लिए ग्रामीण डाक सेवक के 28636 पदों पर रजिस्ट्रेशन करने की आज लास्ट डेट, जल्दी करें अप्लाई