लॉलीपॉप लागेलू को पवन सिंह ने समझा था फ्लॉप, लेकिन 269 मिलियन पहुंचे इस गाने के व्यूज ने एक्टर को बना दिया सबसे बड़ा स्टार

Pawan Singh Song Lolipop Lagelu Story:भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह ने अपने ग्लोबल हिट लॉलीपॉप लागेलू के बनने का दिलचस्प किस्सा साझा किया है.आरा के छोटे से स्टूडियो से शुरू हुआ यह सफर कैसे अमेरिका और इंग्लैंड के डिस्को तक पहुंचा, जानिए पूरी कहानी.

Pawan singh lolipop lagelu song

यूपी तक

16 Feb 2026 (अपडेटेड: 16 Feb 2026, 01:54 PM)

follow google news

Pawan Singh Song Lolipop Lagelu Story: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. लेकिन उनके करियर को फर्श से अर्श तक ले जाने वाला गाना लॉलीपॉप लागेलू रातों-रात हिट नहीं हुआ था. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान पवन सिंह ने उस छोटे से स्टूडियो से लेकर सात समंदर पार डिस्को तक पहुंचने वाले इस ग्लोबल एंथम का दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. बता दें कि इस गाने की सफलता का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि इसे अब तक 269 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं.

यह भी पढ़ें...

पवन सिंह बताते हैं कि उस समय वह आरा के एक छोटे से स्टूडियो में रिकॉर्डिंग किया करते थे. बहुत सारे गाने गाए थे. लेकिन वह सीना चौड़ा करने वाली सफलता अभी कोसों दूर थी. पवन सिंह को पुरानी कैसेट दुकानों पर बैठने का शौक था. वह बताते हैं कि 'मेरी आदत थी कि कैसेट खोलकर साइड A का पहला और साइड B का आखिरी गाना सुनना. वहीं एक धुन सुनी और लगा कि इस पर कुछ कमाल का वर्कआउट हो सकता है.' इसके बाद पवन सिंह दिल्ली पहुंचे और म्यूजिक डायरेक्टर विनय विनायक के साथ बैठे. उन्होंने साफ लफ्जों में कहा 'भाई कुछ ऐसा बनाओ कि गर्दा उड़ जाए और वहीं लॉलीपॉप बना. 

रिलीज के बाद फ्लॉप सा था रिस्पांस

हैरानी की बात यह है कि आज दुनिया को नचाने वाला यह गाना रिलीज होते ही हिट नहीं हुआ था. पवन सिंह ने अपनी कमाई से एक बोलेरो गाड़ी खरीदी थी. वह अपने ननिहाल गोरखपुर एक शो के लिए जा रहे थे. रास्ते में उन्होंने अपनी टीम और भाइयों को बड़े चाव से यह गाना सुनाया. पवन सिंह ने याद करते हुए कहा कि 'मैंने बड़े जोश में पूछा भाई कैसा लग रहा है? लेकिन उस वक्त उनके मुंह से ज्यादा आवाज नहीं निकली. मुझे लगा यार ये क्या हो गया?'

जब लॉलीपॉप बना ग्लोबल एंथम

लेकिन कहते हैं न कि किस्मत कब पलट जाए कोई नहीं जानता. धीरे-धीरे इस गाने ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि आज अमेरिका हो या इंग्लैंड हर जगह के पब और डिस्को में यह गाना बजता है. पवन सिंह आज दुनिया के किसी भी कोने में शूटिंग करें 1000 की भीड़ में से 10 विदेशी भी आकर उन्हें पहचान लेते हैं और कहते हैं 'लॉलीपॉप सिंगर ना.' पवन सिंह इस सफलता का पूरा श्रेय अपने प्रशंसकों को देते हैं. वह भावुक होकर कहते हैं कि 'जनता का आशीर्वाद कब मिल जाए ये कोई नहीं जानता. आप सब मेरे लिए भगवान हैं.'

ये भी पढ़ें: पति पवन सिंह से सुलह की उम्मीद में कोर्ट में बैठी रहीं ज्योति सिंह उधर एक्टर की बिगड़ गई तबीयत