UPPCS Rank 4 Anamika Mishra:उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने UPPCS का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस परीक्षा में नेहा पंचाल ने टॉप किया है. UPPCS के टॉपरों की लिस्ट में कुछ बहुत से उम्मीदवार यूपी के रहने वाले हैं. इनमें से एक नाम अयोध्या की रहने वाली अनामिका मिश्रा का भी है. अनामिका मिश्रा ने चौथा स्थान हासिल किया है. इस शानदार कामयाबी के साथ उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है. जैसे ही यह खबर सामने आई अयोध्या सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी और गर्व का माहौल छा गया.
ADVERTISEMENT
प्राथमिक विद्यालय में टीचर थीं अनामिका
अनामिका वर्तमान में बस्ती जिले के विकासखंड विक्रमजोत स्थित प्राथमिक विद्यालय कवलपुर में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं. वह अयोध्या के साकेतपुरी कॉलोनी (MIG B-2) की रहने वाली हैं. साधारण परिवेश में पली-बढ़ीं अनामिका ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर असाधारण मुकाम हासिल किया है. बता दें कि अनामिका को यह सफलता तीसरे प्रयास में मिली है. उन्होंने बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन माध्यम से तैयारी करते हुए यह कामयाबी हासिल की है.
कहां से की है अनामिका ने पढ़ाई
अनामिका ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई कैनोसा कॉन्वेंट इंटर कॉलेज फैजाबाद से पूरी की. इसके बाद उन्होंने अवध विश्वविद्यालय (RMLAU) से बीएससी की डिग्री हासिल की. इसके साथ ही उन्होंने BTC (D.El.Ed) प्रशिक्षण में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. अपनी सफलता पर अनामिका कहती हैं कि उनका उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है. वह प्रशासनिक सेवा के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित रहना चाहती हैं.
पति आकाश पांडेय भी हैं शिक्षक
अनामिका का मानना है कि 'परिवार का सहयोग और ईश्वर का आशीर्वाद ही मेरी सफलता की असली ताकत है. अनामिका के पिता महेन्द्रनाथ मिश्र रेलवे विभाग में स्टेशन अधीक्षक (गोशाईगंज) के पद पर कार्यरत हैं. उनकी मां माधुरी मिश्रा गृहिणी हैं. साल 2023 में उनका विवाह आकाश पांडेय से हुआ जो खुद भी शिक्षक हैं और हर कदम पर अनामिका का संबल बने रहे.
ADVERTISEMENT









