Mathura News: मथुरा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई ने बीएसए कॉलेज के सामने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की और सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए.
ADVERTISEMENT
यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई मथुरा द्वारा नीट पेपर लीक मामले को लेकर बीएसए कॉलेज के सामने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल एवं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया ने किया. इस दौरान प्रशासन द्वारा पुतला छीन लिए जाने पर कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला.
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हैं. केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखने में विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया ने कहा, “आज 10 रुपये का डायपर लीक नहीं होता, लेकिन नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है. यह सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है.”
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अनाम धन्य तिवारी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक युवाओं के आत्मविश्वास को तोड़ने का काम कर रहे हैं और छात्र हितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी.
महानगर अध्यक्ष सेवा दल दीपक पाठक ने कहा कि मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार को पेपर माफियाओं पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पियूष अग्रवाल, ऋषित भारद्वाज, गौरव कश्यप, केशव मित्तल, पवन कोयड़ सहित कई छात्र एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT









