UP TET एग्जाम आज से शुरू...3 दिन 60 जिलों के 955 सेंटर पर होगी परीक्षा, सीएम योगी ने दिए ये खास निर्देश

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 आज 2 जुलाई से शुरू हो गई है. 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं.

UP Tak

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 की शुरुआत आज यानी 2 जुलाई से हो रही है, जो आगामी 4 जुलाई तक चलेगी. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैं. इस परीक्षा में प्रदेशभर के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. अकेले संगम नगरी प्रयागराज की बात करें तो यहां बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 76,000 से भी अधिक परीक्षार्थी इस परीक्षा में हिस्सा लेंगे. सरकार और आयोग की ओर से परीक्षा को लेकर सुरक्षा से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक के कड़े प्रबंध किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए शुचिता और सुरक्षा के कड़े निर्देश

परीक्षा के पहले एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की गहन समीक्षा की थी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि यूपीटीईटी-2026 राज्य के लाखों युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए इसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से किसी भी परिस्थिति में कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा था कि परीक्षा आयोजित करना केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह युवाओं के भविष्य के प्रति सरकार की जवाबदेही का मामला है. प्रत्येक अभ्यर्थी को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तनावमुक्त माहौल प्रदान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि केवल बेदाग छवि वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को ही परीक्षा की ड्यूटी सौंपी जाए. साथ ही, गोपनीय परीक्षा सामग्री के भंडारण, परिवहन और परीक्षा के बाद आयोग को सुरक्षित भेजने की पूरी प्रक्रिया उच्चतम सुरक्षा मानकों के अनुसार पूरी की जाए.

परिवहन, ठहरने और सहायता व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध

मुख्यमंत्री ने बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया था कि परीक्षा में शामिल होने वाले किसी भी अभ्यर्थी को परिवहन, ठहरने, सुरक्षा या अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण कठिनाई नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा था कि परीक्षा के दौरान न केवल उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बल्कि अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आएंगे, इसलिए रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और प्रमुख परिवहन केंद्रों पर पर्याप्त सहायता व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए. मुख्यमंत्री ने राज्य सड़क परिवहन निगम, रेलवे और स्थानीय निजी ऑपरेटरों के साथ समन्वय करके अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था करने और संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू करने को कहा था. इसके साथ ही, उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिया था कि परीक्षार्थियों के आवागमन के दौरान खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि नहीं होनी चाहिए.

कंट्रोजिलाधिकारियों को दिए रिहर्सल के आदेश

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे. वर्तमान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन प्रणालियों को पूरी तरह सक्रिय रखने और हर जिले में स्थापित कंट्रोल रूम को प्रभावी ढंग से काम करने के लिए कहा था ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा के सफल और त्रुटिहीन संचालन के लिए परीक्षा से एक दिन पहले सभी व्यवस्थाओं का अनिवार्य रूप से पूर्ण पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) करने का निर्देश भी दिया था. इसके अतिरिक्त, उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्मों पर अफवाहें या भ्रामक जानकारी फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और उनके खिलाफ तुरंत व प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही थी.

सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित होगी अलग से टीईटी (TET)

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यरत शिक्षकों के हितों के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया था. उन्होंने कहा था कि शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्य आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, कार्यरत शिक्षकों को अपनी पात्रता स्थापित करने के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाने चाहिए. इस उद्देश्य के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को सेवारत शिक्षकों के लिए एक अलग शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित करने का निर्देश दिया था ताकि उन्हें अधिक अवसर मिल सकें और किसी भी शिक्षक को केवल अवसर की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना न करना पड़े.

परीक्षा से जुड़े मुख्य आंकड़े और कार्यक्रम

बैठक में दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 राज्य के 60 जिलों में स्थापित कुल 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. यह परीक्षा 02 से 04 जुलाई तक कुल 5 पालियों (shifts) में संपन्न होगी. कार्यक्रम के अनुसार, 02 जुलाई को दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (Upper Primary Level) की परीक्षा आयोजित की जा रही है. इसके बाद, 03 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा और दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (Primary Level) की परीक्षा होगी. वहीं, आखिरी दिन 04 जुलाई को पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी.

लगभग 20 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

इस व्यापक परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें से 17,67,180 अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि 2,27,481 अभ्यर्थी अन्य राज्यों से आकर परीक्षा दे रहे हैं. परीक्षार्थियों के इस आंकड़े में 1,85,791 सेवारत शिक्षक और 18,08,870 नए अभ्यर्थी शामिल हैं. अगर स्तर के अनुसार आवेदकों की संख्या की बात करें तो प्राथमिक स्तर के लिए 3,88,179 अभ्यर्थी, उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 8,16,436 अभ्यर्थी और दोनों स्तरों के लिए 3,95,023 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. इस परीक्षा के लिए सबसे अधिक परीक्षा केंद्रों और अभ्यर्थियों वाले प्रमुख जिलों में वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा और जौनपुर शामिल हैं. आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी के 68 परीक्षा केंद्रों पर सबसे अधिक 1,27,239 अभ्यर्थी, लखनऊ के 43 परीक्षा केंद्रों पर 76,720 अभ्यर्थी और प्रयागराज के 53 परीक्षा केंद्रों पर 76,634 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. अन्य जिलों और राज्यों से आने वाली इस भारी भीड़ को देखते हुए इन विशिष्ट जिलों में परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और ठहरने की व्यवस्था पर प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है.

यह भी पढ़ें: UP Weather: यूपी में आज आएगी 50 की स्पीड से आंधी, मौसम विभाग ने बताया इन 20 से ज्यादा जिलों होगी झमाझम बारिश