फ्रेशर्स के लिए BSNL ने निकाली 100 पदों पर बड़ी भर्ती...जानें आवेदन प्रक्रिया से लेकर सैलरी तक की पूरी डिटेल!

BSNL JTO Recruitment 2026: बीएसएनएल जेटीओ भर्ती 2026 के तहत जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं. जानें योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, सैलरी, आवेदन शुल्क और 3 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने का पूरा तरीका.

UP Tak

यूपी तक

• 12:24 PM • 26 Jun 2026

follow google news

BSNL JTO Recruitment 2026: भारत सरकार की टेलीकॉम कंपनी ने युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक शानदार अवसर दिया है. कंपनी ने जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर के 100 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें केवल BSNL के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि बाहरी उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. अगर किसी उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग या विज्ञान की डिग्री है और वह टेलीकॉम सेक्टर में सरकारी नौकरी करना चाहता है, तो यह उसके लिए एक बेहतरीन मौका है. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट externalexam.bsnl.co.in पर शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें...

चयन प्रक्रिया क्या है?

इस भर्ती अभियान के जरिए बीएसएनएल देशभर में जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर के कुल 100 पदों पर नियुक्तियां करेगा. उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. भर्ती के लिए किसी प्रकार का पूर्व कार्य अनुभव अनिवार्य नहीं रखा गया है. ऐसे में फ्रेशर्स, जिन्होंने हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी की है, वे भी इस भर्ती में आवेदन कर सकते हैं और सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर ले कर सकते हैं.

क्या होनी चाहिए है शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा?

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडियो, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी या इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में होनी चाहिए. इसके अलावा एमएससी (इलेक्ट्रॉनिक्स), एमएससी (कंप्यूटर साइंस) और एमटेक डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन करने के योग्य हैं.

आयु सीमा की बात करें तो आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए. हालांकि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

बीएसएनएल ने चयनित उम्मीदवारों के लिए आकर्षक वेतन भी तय किया है. नियुक्ति मिलने के बाद उम्मीदवारों को ₹16,400 से ₹40,500 के पे-स्केल के अनुसार मासिक वेतन मिलेगा. इसके साथ ही कंपनी के नियमों के मुताबिक अन्य सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा.

कितना लगेगा आवेदन शुल्क

आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को ₹2,000 आवेदन शुल्क जमा करना होगा. वहीं एससी, एसटी और PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क ₹1,000 निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा.

ऐसे करें आवेदन?

सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट www.externalexam.bsnl.co.in पर जाएं और Apply Online लिंक पर क्लिक करें.

इसके बाद नया रजिस्ट्रेशन करें और प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर एवं पासवर्ड से लॉगिन करें.

आवेदन फॉर्म में सभी जरूरी जानकारी भरें और पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर व आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें.

इसके बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करें.

भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रखें.

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)