Aadhaar Card Update: अगर आपके आधार कार्ड में आपकी ईमेल आईडी अभी तक अपडेट नहीं है, या आप उसे बदलना चाहते हैं, तो ये आपके काम की ही खबर है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड धारकों को बड़ी राहत देते हुए एक नया नोटिफिकेशन जारी किया है. इसके तहत आगामी 1 जुलाई 2026 से आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने की सुविधा को पूरी तरह से मुफ्त कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
डिजिटल इंडिया और पेपरलेस बैंकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया ये फैसला आम जनता की जेब का बोझ कम करेगा. UIDAI इस मुफ्त सेवा के लिए नागरिकों को पूरा समय दे रहा है. सुविधा 1 जुलाई से शुरू होकर दिसंबर 2026 तक यानी पूरे 6 महीने के लिए लाइव रहेगी. इस तय समय सीमा के भीतर कोई भी नागरिक बिना एक भी रुपया खर्च किए अपने आधार में ईमेल एड्रेस जुड़वा सकता है.
अब तक कितना लगता था चार्ज?
नए नियम के लागू होने से पहले तक आधार कार्ड में ईमेल आईडी लिंक कराने या उसमें किसी भी तरह का सुधार करवाने के लिए नागरिकों को 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था. लेकिन 1 जुलाई से दिसंबर के अंत तक यह फीस पूरी तरह से माफ रहेगी. अगर आपके घर में कई सदस्य हैं, तो आप इस सुविधा का लाभ उठाकर अच्छी-खासी बचत कर सकते हैं.
ईमेल आईडी अपडेट कराना क्यों है जरूरी?
कई बार लोग मोबाइल नंबर तो आधार से लिंक करवा लेते हैं, लेकिन ईमेल आईडी को छोड़ देते हैं. इसे अपडेट रखने के कई बड़े फायदे हैं.
- सुरक्षा और फ्रॉड से बचाव: जब भी आपके आधार का कहीं इस्तेमाल होगा या कोई वेरिफिकेशन (OTP) आएगा, तो मोबाइल के साथ-साथ तुरंत आपके ईमेल पर भी अलर्ट पहुंचेगा. इससे आधार के गलत इस्तेमाल का खतरा न के बराबर हो जाता है.
- मोबाइल बंद होने पर मददगार: अगर कभी आपका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर खो जाता है या बंद हो जाता है, तो आप अपनी लिंक की गई ईमेल आईडी के जरिए भी ऑनलाइन आधार डाउनलोड या वेरिफाई कर सकते हैं.
घर बैठे कैसे करें ऑनलाइन अपडेट?
- सबसे पहले UIDAI के आधिकारिक पोर्टल myaadhaar.uidai.gov.in पर जाएं.
- अपने आधार नंबर और मोबाइल पर आए OTP की मदद से लॉग-इन करें.
- होमपेज पर 'Update Aadhaar Online' या प्रोफाइल डिटेल अपडेट के विकल्प को चुनें.
- यहां ईमेल आईडी वाले सेक्शन में जाकर अपनी सही ईमेल आईडी दर्ज करें.
- आपके दिए गए ईमेल पर एक वेरिफिकेशन कोड आएगा, उसे स्क्रीन पर डालकर सबमिट करें.
- 1 जुलाई से इस प्रक्रिया के आखिरी चरण में आपसे कोई फीस नहीं मांगी जाएगी और आपकी रिक्वेस्ट फ्री में दर्ज हो जाएगी.
ध्यान रहे कि यह छूट सिर्फ ईमेल आईडी अपडेट करने के लिए दी जा रही है. अगर आप इसके साथ अपना नाम, पता, फोटो, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर बदलवाते हैं, तो उसके लिए जो तय सरकारी चार्ज है, वो आपको देना ही होगा.
ADVERTISEMENT










