1 जुलाई से हो सकते हैं ये 5 बड़े बदलाव, आधार कार्ड पर बड़ी खुशखबरी तो HDFC यूजर्स को लगेगा तगड़ा झटका

1 जुलाई 2026 से यूपी के आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और बजट से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं. आधार में ईमेल अपडेट की मुफ्त सुविधा, एलपीजी-सीएनजी-पीएनजी कीमतों की समीक्षा, HDFC क्रेडिट कार्ड के नए नियम और जुलाई की बैंक छुट्टियां सीधे करोड़ों लोगों को प्रभावित करेंगी.

UP Tak

आयशा शेख़

• 07:16 PM • 25 Jun 2026

follow google news

Rule Change From 1 July 2026: जून का महीना अब खत्म होने जा रहा है और कुछ ही दिनों में जुलाई 2026 की शुरुआत हो जाएगी। हर महीने की तरह इस बार भी पहली तारीख से देश और प्रदेश में कई बड़े फाइनेंशियल यानी वित्तीय बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश के आम नागरिकों के बजट और उनकी जेब को भी प्रभावित करेंगे.

यह भी पढ़ें...

इन नए नियमों में से जहां कुछ बदलाव लोगों की जेब पर बोझ बढ़ाने वाले हैं, वहीं कुछ फैसलों से आम जनता को बड़ी राहत मिलने की भी उम्मीद है। इनमें गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर बैंकों की छुट्टियां और क्रेडिट कार्ड के नियम शामिल हैं। आइए आसान भाषा में जानते हैं कि 1 जुलाई से क्या-क्या बदलने जा रहा है और इससे आप पर क्या असर पड़ेगा.

1. आधार कार्ड अपडेट 

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI की ओर से आधार कार्ड को लेकर एक नया नोटिफिकेशन जारी किया गया है, जो आम जनता के लिए बेहद फायदेमंद है। अगर आपके आधार कार्ड में आपकी ईमेल आईडी अपडेट नहीं है, तो 1 जुलाई से आप इसे बिल्कुल मुफ्त  में अपडेट करवा सकेंगे.

UIDAI इसके लिए जुलाई से लेकर दिसंबर 2026 तक पूरे 6 महीने का समय दे रहा है। इस दौरान मुफ्त में आधार में ईमेल एड्रेस अपडेट कराने की सुविधा मिलेगी। इससे पहले इस काम के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था.

2. एलपीजी सिलेंडर के दाम

मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में चल रहे तनाव के बीच पिछले कुछ समय में एलपीजी के दामों में कई बार बढ़ोतरी देखी गई है। जून के महीने में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें 53.50 रुपये तक बढ़ा दी गई थीं, जिसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का दाम 3113.50 रुपये पर पहुंच गया था। इसके अलावा 5 किलो वाले छोटे एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी.

हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। अब 1 जुलाई को देखना होगा कि तेल कंपनियां तेल की कीमतों की समीक्षा के बाद आम जनता को राहत देती हैं या फिर जेब का बोझ और बढ़ता है.

3. सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ 

एलपीजी के साथ-साथ हर महीने की पहली तारीख को हवाई ईंधन (ATF), सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) के दामों की भी समीक्षा की जाती है। सरकार इन दिनों पारंपरिक एलपीजी की जगह घरों में पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए काफी सख्त रुख अपना रही है.

पिछले महीने सीएनजी और एटीएफ दोनों के दाम बढ़े थे। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 1 जुलाई से इनके दामों में नया संशोधन देखने को मिल सकता है, जिससे हवाई सफर से लेकर ऑटो-गाड़ियों के किराए पर असर पड़ सकता है.

4. एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड के नियम 

अगर आप एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। 1 जुलाई से बैंक अपने 'रेगैलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड' (Regalia Gold Credit Card) के नियमों में बदलाव कर रहा है। एयरपोर्ट लाउंज में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बैंक अब प्रीमियम सुविधाओं के नियमों को सख्त कर रहे हैं.

नए नियम के मुताबिक, अगर ग्राहकों को अगली तिमाही में मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा का फायदा उठाना है, तो उन्हें पिछली तिमाही में अपने कार्ड से कम से कम 60,000 रुपये खर्च करने होंगे। इस बदलाव का सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो इस कार्ड का इस्तेमाल मुख्य रूप से ट्रैवलिंग और लाउंज एक्सेस के लिए करते थे.

5. जुलाई में बैंक हॉलिडे 

जुलाई के महीने में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो छुट्टियों की लिस्ट देखकर ही घर से बाहर निकलें। जुलाई 2026 के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक कुल 12 दिनों के लिए बंद रहने वाले हैं.

इन 12 छुट्टियों में से 6 दिन तो शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं, बाकी की 6 छुट्टियां अलग-अलग राज्यों के त्योहारों और स्थानीय आयोजनों की वजह से रहेंगी, जिनमें मुख्य रूप से मिजोरम, मेघालय और त्रिपुरा जैसे राज्य शामिल हैं। इसलिए ऑनलाइन बैंकिंग या डिजिटल ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल करना इस दौरान सबसे बेहतर विकल्प रहेगा.