मोहर्रम से पहले राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह और उनके 12 सहयोगी हाउस अरेस्ट... इन सभी लोगों को किया गया नजरबंद

सुनील यादव

• 02:06 PM • 25 Jun 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में मोहर्रम के मद्देनजर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों के मूवमेंट पर रोक लगा दी गई है.

Raja Bhaiya News

Raja Bhaiya News

Google CTA

Raja Bhaiya News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है. मोहर्रम को शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. कुंडा के एसडीएम वाचस्पति सिंह ने कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए यूपी के बाहुबली नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह और उनके 12 सहयोगियों के घूमने-फिरने (मूवमेंट) पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. या यूं कहें कि राजा उदय प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों को हाउस अरेस्ट किया गया है. 

यह भी पढ़ें...

आपको बता दें कि यह आदेश 25 जून, 2026 की सुबह 5 बजे से लेकर 26 जून, 2026 की रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि के दौरान ये सभी लोग अपने आवास या आवासीय परिसर से बाहर जिले में कहीं भी भ्रमण नहीं कर सकेंगे.

 

 

क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला?

कुंडा थाने के प्रभारी निरीक्षक ने 19 जून, 2026 को एक रिपोर्ट पेश की थी. इस रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन को पुख्ता अंदेशा था कि राजा उदय प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर इलाके का कथित तौर पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं.

एसडीएम ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि अगर इन व्यक्तियों की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो इलाके की शांति भंग हो सकती है और बलवा या दंगा होने की पूरी आशंका है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, बिना किसी पूर्व सुनवाई के यह आपातकालीन आदेश जारी करना अनिवार्य हो गया था.

इन 12 सहयोगियों पर भी लागू हुआ प्रतिबंध

राजा उदय प्रताप सिंह के साथ-साथ जिन 12 सहयोगियों के मूवमेंट को प्रतिबंधित किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

  1. जितेन्द्र यादव (पुत्र बजरंग बहादुर यादव) – निवासी: नौबस्ता, हथिगवां (हाल पता: कवरियागंज, कुंडा)
  2. आनन्द पाल (पुत्र वाकुरदीन) – निवासी: बढ़ईपुर, कुंडा
  3. रमाकान्त मिश्रा (पुत्र राम आसरे मिश्रा) – निवासी: शेखपुर आशिक, कुंडा
  4. भवानी विश्वकर्मा (पुत्र शिव शरण विश्वकर्मा) – निवासी: बढ़ईपुर, कुंडा
  5. शिव सिंह (पुत्र ननकऊ सिंह) – निवासी: सुभाष नगर, कुंडा
  6. हनुमान प्रसाद पाण्डेय – निवासी: सुभाष नगर कस्बा, कुंडा
  7. केशरी नन्दन पाण्डेय (पुत्र बाल कृष्ण पाण्डेय) – निवासी: सरैया प्रवेशपुर, हथिगवां
  8. जमुना प्रसाद मौर्य (पुत्र छेदी लाल मौर्य) – निवासी: मियों का पुरवा, मझिलगांव, कुंडा
  9. निर्भय सिंह (पुत्र गोविन्द सिंह) – निवासी: बेती, हथिगवां
  10. गया प्रसाद प्रजापति उर्फ अनिल (पुत्र हरिश्चन्द्र प्रजापति) – निवासी: लोहारन का पुरवा, सरियावां, कुंडा
  11. जुगनू विश्वकर्मा (पुत्र ननकू विश्वकर्मा) – निवासी: गोपालगंज शाहपुर, हथिगवां
  12. मोहन (पुत्र स्वर्गीय रामजन्म) – निवासी: पन्नालाल रोड, केशर भवन, जॉर्जटाउन, प्रयागराज (हाल पता: गोपालगंज शाहपुर, हथिगवां)

प्रशासन का सख्त निर्देश

कुंडा के उप जिला मजिस्ट्रेट वाचस्पति सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 (पूर्व में धारा-144) के तहत मिले अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है. आदेश में साफ कहा गया है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान यह सभी लोग अपने घरों में ही रहेंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस व प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे.

यहां देखें सरकारी आदेश

कुंडा प्रतापगढ़ प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश:

यहाँ क्लिक करके देखें पूरी PDF कॉपी

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव का बड़ा हमला... स्क्रीन पर राजा भैया, बृजभूषण सिंह के नाम की लिस्ट चलाकर पूछ दिया ये सवाल