UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं और अगले 3-4 दिनों में इसके राज्य के कुछ और हिस्सों में दस्तक देने की उम्मीद है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के दोनों संभाग पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. हालांकि जहां एक तरफ कुछ जिलों को बारिश से राहत मिली है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अब भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना हुआ है. मौसम विभाग ने 26 जून को भी राज्य के कई जिलों में छिटपुट बारिश और पूर्वी यूपी में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है
ADVERTISEMENT
26 जून को किन-किन जिलों में बारिश का अलर्ट?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 जून को उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने या बारिश होने की संभावना जताई गई है. इनमें मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा और बांदा, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कौशांबी, चित्रकूट, और इलाहाबाद (प्रयागराज) के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं.
मौसम विभाग की मानें तो 26 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर लू और कहीं-कहीं तीव्र उष्ण लहर चलने की आशंका बनी रहेगी जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं है.
आगे का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
27 और 28 जून: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तो कहीं-कहीं बारिश जारी रहेगी. लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. पूर्वी यूपी में लू का असर 28 जून तक अलग-अलग इलाकों में बना रहेगा.
29 जून से मौसम में बदलाव: 29 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ेंगी. इसके साथ ही दोनों संभागों में कहीं-कहीं 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और मेघगर्जन/वज्रपात की संभावना है.
30 जून और 1 जुलाई: इन दो दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने का अनुमान है. जबकि पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं वर्षा जारी रहेगी.
तापमान में भारी गिरावट का अनुमान
राहत की बात यह है कि आगामी 4 दिनों के बाद राज्य के तापमान में भारी गिरावट आएगी. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे यूपी के लोगों को भीषण गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.
ADVERTISEMENT










