Maharajganj Electric Pole Incident: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां मंगलवार की शाम एक शख्स शराब के नशे में धुत होकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया. हद तो तब हो गई जब वह पोल के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर बिजली के तारों पर ही लेट गया. इस खौफनाक नजारे को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
ADVERTISEMENT
तारों पर लेटा रहा शराबी, किस्मत ने बचाई जान
यह सनसनीखेज मामला भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव का है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति पूरी तरह नशे की हालत में था और अचानक पोल पर चढ़ने लगा. नीचे खड़े ग्रामीणों ने उसे रोकने और नीचे उतारने के लिए काफी शोर मचाया, लेकिन उसने किसी की एक न सुनी.
ग्रामीणों ने बताया कि यह उस व्यक्ति की बहुत बड़ी किस्मत थी कि जिस समय वह पोल पर चढ़ा, उससे ठीक कुछ मिनट पहले ही किसी कारणवश बिजली की सप्लाई बंद हो गई थी. लोगों का कहना है कि अगर उस वक्त तारों में करंट दौड़ रहा होता, तो मौके पर ही उसकी जान जा सकती थी.
पुलिस ने तुरंत कटवाई बिजली, सुरक्षित उतारा नीचे
घटना की भनक लगते ही भिटौली थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन बिजली विभाग से संपर्क किया और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए.
इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उस व्यक्ति को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. लंबी मशक्कत के बाद आखिरकार वह शख्स पोल से नीचे उतरने के लिए राजी हुआ. उसके सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
पुलिस ने दी ये जानकारी
भिटौली के थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शराब के नशे में बिजली के पोल पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा करने वाले इस व्यक्ति की पहचान दीन दयाल के रूप में हुई है. पुलिस ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से उसे सही-सलामत नीचे उतारा और बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शराब का नशा इंसानी जिंदगी के लिए कितना बड़ा खतरा बन सकता है.
ये भी पढ़ें: महराजगंज में 3 बच्चों की मां अपने ही जीजा के साथ हो गई फरार फिर इस चौंकाने वाले मामले की पूरी कहानी पता चली
ADVERTISEMENT










