यूपी में हो रही बारिश से भारी तबाही, अब तक 15 लोगों की मौत… अगले 24 घंटों के लिए IMD का ये है अनुमान

यूपी तक

• 11:20 AM • 27 Sep 2026

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान से प्रदेश में 15 जनहानि, 4 पशुहानि और 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है.

UP Heavy Rain News

UP Heavy Rain News (Photo Edit By AI)

Google CTA

UP Heavy Rain News: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान से प्रदेश में 15 जनहानि, 4 पशुहानि और 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है. इसके अलावा 5 लोग घायल हुए हैं. जनहानि अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में 1-1, अयोध्या में 2 और लखीमपुर खीरी में 4 हुई हैं. बहराइच में दीवार गिरने और बस्ती में आंधी-तूफान के कारण एक-एक व्यक्ति की मौत हुई. इस बीच IMD ने अगले 24 घंटे में कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है.

यह भी पढ़ें...

दक्षिण-पूर्वी यूपी में बना डिप्रेशन

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. पिछले छह घंटे में इसकी गति करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटा रही. 26 सितंबर की रात 11.30 बजे यह सिस्टम इसी क्षेत्र में मौजूद था. मौसम विभाग के अनुसार इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश से गुजरने और अगले छह घंटे में धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है. इसके बाद यह अच्छी तरह चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है. लखनऊ के डॉप्लर मौसम रडार से इसकी निगरानी की जा रही है. पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी और केंद्रीय तराई क्षेत्र में बेहद भारी बारिश की आशंका है. अगले 24 घंटे में मध्य और तराई यूपी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का हल्का से मध्यम खतरा भी बताया गया है.

63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. शनिवार को यूपी के 63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना ज्यादा बारिश हुई. लखनऊ में शनिवार सुबह तक 21 घंटे में 125.8 मिलीमीटर, फतेहगढ़ में 224, बांदा में 227.6, बहराइच के नानपारा में 217, हरदोई में 214 और कन्नौज में 204 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. जलभराव के कारण मुरादाबाद में जिला पशु चिकित्सालय में भी पानी घुस गया. पेड़ और कच्चे मकानों की दीवारें गिरने से नुकसान हुआ. शनिवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की सूचना दी गई है.

इन जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान

अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से अमेठी, फर्रूखाबाद, कासगंज और मैनपुरी में 1-1, बलिया और बलरामपुर में 2-2, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर और वाराणसी में 2-2, गाजीपुर और कानपुर देहात में 3-3, बहराइच व सुल्तानपुर में 5-5, औरैया और पीलीभीत में 7-7, हरदोई में 14, जालौन में 21 और बांदा में 32 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. कई जगह फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर, बस्ती, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, कौशांबी और चित्रकूट में अचानक बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

CM योगी ने राहत और मुआवजे के दिए निर्देश

नेपाल में भारी बारिश को देखते हुए सीमावर्ती जिलों में भी निगरानी बढ़ाने और पूर्वी यूपी में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जनहानि, पशुहानि और बारिश से घर गिरने पर नियमानुसार सहायता देने को कहा है. फसलों के नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा देने, प्रभावित लोगों को राहत और शरणालय केंद्रों तक पहुंचाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. बिजली व्यवस्था पर भी नजर रखने और स्थानीय फॉल्ट जल्द ठीक करने को कहा गया है. बिजली संबंधी समस्या के लिए 1912 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई है.