UP Weather: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है. 26 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. खासकर पूर्वी यूपी में ज्यादातर जगहों पर बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में भी कई जगह बारिश और गरज-चमक की संभावना है. बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है. पूर्वी यूपी में हवा की रफ्तार झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
26 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी के बड़े हिस्से में बारिश की संभावना है. लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी और चंदौली समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है.
प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी और आसपास के जिलों में भी कई जगह बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों के आसार हैं. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्से में बारिश की संभावना बताई है.
पश्चिमी यूपी में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और आसपास के इलाकों में भी कुछ जगह बारिश के आसार हैं.
कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
26 सितंबर को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. दोनों हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवा चलने का खतरा है. पूर्वी यूपी में हवा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पश्चिमी यूपी में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंके चल सकते हैं.
27 सितंबर को भी बारिश, फिर राहत के आसार
27 सितंबर को भी यूपी के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कुछ जगह बारिश की संभावना है. हवा भी तेज रह सकती है और झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ जगह भारी बारिश का अलर्ट भी है.
इसके बाद 28 और 29 सितंबर को बारिश की संभावना काफी कम हो जाएगी. इन दोनों दिनों में पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. 30 सितंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में कुछ जगह बारिश हो सकती है.
तापमान में भी आएगा बदलाव
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान फिर 5 से 7 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है और उसके बाद इतनी ही बढ़ोतरी का अनुमान है.
ADVERTISEMENT











