UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपने प्रचंड रूप में लौटने वाला है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को पूरे प्रदेश में बादलों की जोरदार गर्जना, आकाशीय बिजली और तेज तूफानी हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और मध्य यूपी के 8 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं राजधानी लखनऊ और कानपुर समेत 33 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा. इस दौरान प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी जिनकी गति बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इन 8 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 सितंबर को राज्य के कुछ विशेष हिस्सों में बादलों का सबसे ज्यादा प्रकोप देखने को मिलेगा. जिन इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने का गंभीर खतरा जताया गया है उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और अमेठी तथा इनके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं.
33 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के 33 अन्य जिलों में भी तेज व भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इन क्षेत्रों में जलभराव और यातायात में रुकावट की संभावना है.
मध्य व तराई यूपी: लखनऊ, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और बस्ती.
पूर्वांचल व बुंदेलखंड क्षेत्र: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर.
60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
25 सितंबर को केवल बारिश ही नहीं बल्कि आकाशीय बिजली और आंधी का तांडव भी देखने को मिल सकता है. पूर्वांचल और तराई के जिलों (प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, अंबेडकर नगर आदि) में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी/घंटा रहेगी, जो झोंकों में 60 किमी/घंटा तक जा सकती है.
वहीं आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, फर्रूखाबाद समेत पश्चिमी व पूर्वी यूपी के लगभग सभी प्रमुख जिलों में बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
आम जनता और किसानों के लिए जरूरी हिदायत
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए बचाव के सुझाव जारी किए हैं.
आम नागरिकों के लिए: निचले इलाकों में जलजमाव, कच्चे/पुराने मकानों को नुकसान और बिजली बाधित होने की आशंका है.
भारी बारिश के समय यात्रा करने से बचें, जलभराव वाले रास्तों पर गाड़ी न चलाएं, पेड़ों के नीचे शरण न लें और घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखें.
धान, मक्का, गन्ना, तिल और सब्जियों की फसलों में जलभराव न होने दें और खेतों में जल निकासी की तुरंत व्यवस्था करें.
तेज हवाओं से फसल और फलों (जैसे केला, पपीता) के पौधों को उखड़ने से बचाने के लिए बांस का सहारा दें तथा बारिश-आंधी के दौरान किसी भी रसायन का छिड़काव न करें.
ADVERTISEMENT











