स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में भरी जाएंगी पीओ की 1500 वैकेंसी, बढ़ियां सैलरी वाली इस जॉब के लिए ऐसे करें अप्लाई

SBI PO Recruitment 2026: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 2026 के लिए 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इच्छुक उम्मीदवार 8 जुलाई 2026 तक IBPS की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं.

UP Tak

यूपी तक

• 05:04 PM • 19 Jun 2026

follow google news

SBI PO Recruitment 2026: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) बनकर बैंकिंग सेक्टर में एक अच्छी सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका सामने आया है. एसबीआई ने साल 2026 के लिए पीओ पदों की भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, क्योंकि देश के सबसे बड़े कमर्शियल बैंक ने इस बार कुल 1500 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 18 जून 2026 से हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म सबमिट कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें...

इन डेट्स का रखें ध्यान

बता दें कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कुल 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर्स के पदों पर भर्ती करने जा रहा है. इन कुल पदों में से 1446 पद रेगुलर वैकेंसी के तहत भरे जाएंगे, जबकि बाकी 54 पदों पर बैकलॉग भर्ती की जाएगी. जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं वे 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं. 

परीक्षा के शेड्यूल की बात करें तो एसबीआई पीओ की प्रीलिम्स का आयोजन अगस्त 2026 में किया जाएगा, जिसके बाद मैन्स सितंबर 2026 में होंगे .इसके बाद अंतिम चरण में साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज और इंटरव्यू की प्रक्रिया अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान करवाई जाएगी.

फॉर्म भरने के लिए जरूरी योग्यता

अगर आप इस नौकरी के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो आपके पास दो मुख्य योग्यताएं होना जरूरी है. सबसे पहले उम्मीदवार को किसी भी मान्यता प्राप्त कॉलेज से किसी भी सब्जेक्ट (जैसे आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स या इंजीनियरिंग) में ग्रेजुएशन यानी डिग्री पूरी कर ली हो. अगर आप अभी ग्रेजुएशन के आखिरी साल या आखिरी सेमेस्टर में पढ़ रहे हैं तो भी आप इस भर्ती के लिए अप्लाई कर सकते हैं. लेकिन अगर आप पास होकर इंटरव्यू के चरण तक पहुंचते हैं तो 30 सितंबर 2026 से पहले आपका फाइनल रिजल्ट आ जाना चाहिए . इसके अलावा जिन उम्मीदवारों ने डुअल डिग्री कोर्स किया है, वे भी इस फॉर्म को भर सकते हैं.

इसके अलावा इस पद के लिए आपकी उम्र कम से कम 21 साल और ज्यादा से ज्यादा 30 साल होनी चाहिए. आपकी उम्र का यह हिसाब 1 अप्रैल 2026 की तारीख को मानकर किया जाएगा. आपका जन्म 2 अप्रैल 1996 से पहले और 1 अप्रैल 2005 के बाद नहीं होना चाहिए. हालांकि, अगर आप आरक्षित वर्ग (जैसे OBC, SC, ST, या PwD) के अंतर्गत आते हैं तो आपको सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी. 

कितनी मिलेगी सैलरी?

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) की नौकरी शानदार सैलरी और कई सुविधाएं भी देगी. बता दें कि चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 48480 बेसिक सैलरी मिलती है. समय-समय पर यह सैलरी बढ़ती रहती है.

बेसिक सैलरी के अलावा कर्मचारियों को कई तरह के भत्ते और सुविधाएं भी दी जाती हैं, जिनमें महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), सिटी कॉम्पेन्सेटरी अलाउंस (CCA), भविष्य निधि (PF), पेंशन योजना (NPS), मेडिकल सुविधाएं, लीव ट्रैवल सुविधा और लीज रेंटल सुविधा शामिल हैं. इन सभी भत्तों और सुविधाओं को जोड़ने के बाद मुंबई जैसे बड़े शहर में तैनात SBI PO का कुल सालाना पैकेज करीब 21.97 लाख तक पहुंच सकता है.

कैसे करें अप्लाई?

एसबीआई पीओ परीक्षा का आवेदन और संचालन IBPS के माध्यम से किया जाता है.

आवेदन करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट ibpsreg.ibps.in पर जाएं.

अगर पहली बार आवेदन कर रहे हैं, तो “Click here for New Registration” पर क्लिक करें.

इसमें अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और सुरक्षा कोड भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें.

रजिस्ट्रेशन के बाद आपको रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड मिलेगा.

अब मिले हुए रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें.

आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरें जैसे: नाम, माता-पिता का नाम, आयु, श्रेणी, राष्ट्रीयता

इसके बाद शैक्षणिक जानकारी भरें: 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन की डिटेल, रोल नंबर, प्राप्तांक और प्रतिशत

निर्धारित साइज और फॉर्मेट में अपनी पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें.

अंत में आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें:

सभी श्रेणियों के लिए फीस: ₹100

फीस जमा करने के बाद भरे हुए फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखें.

अधिक जानकारी और अपडेट के लिए sbi.bank.in वेबसाइट पर विजिट करते रहें.

यह भी पढ़ें: भारतीय रिज़र्व बैंक में बिना परीक्षा दिए मिलेगा नौकरी करने का मौका, चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा 1.50 लाख मासिक सैलरी