बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक बड़ा हादसा होने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन में आ गया है. कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर सिंह गंगवार चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए थे.
ADVERTISEMENT
श्यामगंज फ्लाईओवर पर स्कूटी चलाने के दौरान जानलेवा मांझा गले में फंस गया, जिससे गला गंभीर रूप से कट गया. फिलहाल आदित्य का एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है.
इस गंभीर घटना के बाद, बरेली रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार साहनी ने इंसानों और बेजुबान जानवरों की जान के लिए खतरा बने इस प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है.
इन 4 जिलों में चलेगा सख्त अभियान
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बरेली रेंज के तहत आने वाले चार जिलों बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिबंधित चाइनीज और सिंथेटिक मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ एक साथ मिलकर बड़ा अभियान चलाएं.
पुलिस की सख्त हिदायतें और कार्रवाई के नियम
जो भी दुकानदार छिपकर इस प्रतिबंधित मांझे को बेचते हुए पकड़ा जाएगा, उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही, उनका व्यापार लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी.
अब पुलिस केवल बाजारों पर ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी नजर रखेगी. साइबर सेल को जिम्मेदारी दी गई है कि वे इंटरनेट पर ऐसे मांझे को बेचने या खरीदने वालों को ट्रैक करें और उन पर कानूनी कार्रवाई करें.
डीआईजी ने निर्देश दिया है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के मामलों में 'पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम' के तहत अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज की जाए. पहले से दर्ज मामलों की ठीक से निगरानी की जाएगी ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
जनता से अपील और जागरूकता अभियान
पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे आम लोगों, वाहन चालकों और पशु-पक्षियों की सुरक्षा के लिए इस मांझे के खतरों को लेकर बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाएं.
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने जनता से अपील की है कि वे पतंगबाजी के लिए केवल सुरक्षित सूती धागे यानी सद्दी का ही इस्तेमाल करें और चाइनीज मांझे का पूरी तरह बहिष्कार करें. उन्होंने नागरिकों से यह भी कहा कि अगर उन्हें कहीं भी इस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
ADVERTISEMENT










