मायके आई विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर दी जान, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

Bareilly Crime News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में मायके आई एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। परिवार जहां शादी समारोह की तैयारियों में जुटा था, वहीं इस घटना ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Bareilly News

Bareilly News

Newzo

• 05:36 PM • 16 Jun 2026

follow google news

Bareilly Crime News: बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम असद नगर में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर दी जान. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. फिलहाल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार ग्राम असद नगर निवासी सोमपाल सिंह मौर्य की 30 वर्षीय पुत्री भूरी, जिसकी शादी आंवला थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी ओंकार के साथ छह साल पहले हुई थी, अपने पति के साथ मायके आई थी. परिवार में आगामी दिनों में शादी समारोह होने के कारण घर में तैयारियां चल रही थीं. बताया गया कि भूरी की मां दृष्टिहीन हैं, जबकि पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे. परिवार की अन्य सदस्याएं गांव में आयोजित गीत-संगीत कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं.

फांसी पर लटकी मिली विवाहिता..

रात करीब 10:30 बजे भूरी की छोटी बहन गोमती घर लौटी तो उसने भूरी को कमरे में टीन शेड के नीचे लगी बल्ली से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा. उसने शोर मचाया तो परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और भूरी को नीचे उतारकर चारपाई पर लिटाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

घटना की सूचना पर थाना मीरगंज पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए. नायब तहसीलदार मीरगंज की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर तस्वीर साफ होगी..

इंस्पेक्टर मीरगंज रवि कुमार का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.