Bareilly News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली यूनिट को बड़ी सफलता मिली है. एएनटीएफ और थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 320 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है. इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
मामला क्या है?
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएनटीएफ बरेली यूनिट को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर एक ट्रक पंजाब की ओर जा रहा है. सूचना के आधार पर एएनटीएफ और फतेहगंज पश्चिमी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रहपुरा अंडरपास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया.
तलाशी के दौरान ट्रक से 320 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी पहचान पुष्पेन्द्र साहू निवासी कस्बा बिसारतगंज और प्रेम प्रकाश निवासी ग्राम चुरई दलपतपुर, थाना मीरगंज के रूप में हुई है.
आरोपियों ने पूछताछ में क्या बताया?
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से झारखंड के लातेहार क्षेत्र से कम कीमत पर डोडा पोस्त खरीदकर पंजाब और अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचते थे. इस बार भी वे अवैध खेप पंजाब पहुंचाने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें दबोच लिया.
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 320 किलो डोडा पोस्त के अलावा एक ट्रक, चार स्मार्टफोन और 2,590 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना फतेहगंज पश्चिमी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस को बड़ी सफलता मिली
इस सफल कार्रवाई में एएनटीएफ बरेली के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, रविन्द्र चौधरी सहित थाना फतेहगंज पश्चिमी एवं सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ADVERTISEMENT










