बरेली, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के बरेली में इन दिनों पुलिस महकमे से लेकर सोशल मीडिया तक एक हेड कांस्टेबल का इस्तीफा जमकर सुर्खियां बटोर रहा है. हर तरफ इसी बारे में चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT
मुरादाबाद जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद का एक वीडियो और उनके इस्तीफे की कॉपी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वायरल वीडियो में सिपाही देश में बढ़ती सांप्रदायिकता पर चिंता जताते हुए नौकरी छोड़ने की बात कह रहा है.
'सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ रहे हैं'
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद कहते नजर आ रहे हैं, "हम सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ रहे हैं, नौकरी छोड़ना आसान नहीं होता." चर्चा है कि उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति में आने की इच्छा जाहिर की है. सिपाही ने अपना इस्तीफा बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजा है.
सोशल मीडिया पर वायरल इस्तीफे में हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद ने बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को संबोधित करते हुए लिखा है, "जब से मैं पुलिस की वर्दी में आया हूं, वर्दी ने मुझे बहुत सम्मान दिया है. मैंने भी अच्छा पुलिसवाला बनते हुए कभी वर्दी के सम्मान से समझौता नहीं किया है. मैं अपनी पुलिस की नौकरी से बहुत ही संतुष्ट हूं."
इसके आगे उन्होंने इस्तीफे की मुख्य वजह बताते हुए लिखा है, "वर्तमान समय में देश, प्रदेश में सांप्रदायिकता बढ़ती जा रही है, जिससे मेरे भारत, मेरे प्रदेश में आदमी एक-दूसरे का दुश्मन बन गया है. मैं सांप्रदायिकता को कम करने के लिए देशसेवा में राजनीति में जाना चाहता हूं, जिस कारण उत्तर प्रदेश पुलिस से त्याग पत्र देना चाहता हूं. श्रीमान जी से अनुरोध है मेरा त्याग पत्र स्वीकृत करने की कृपा करें."
पहले सिटी मजिस्ट्रेट, अब सिपाही का इस्तीफा
बरेली में किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी का इस तरह अचानक इस्तीफा देने का पहला मामला नहीं है. इससे पहले जनवरी के महीने में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने भी अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद काफी राजनीतिक गरमा-गर्मी देखने को मिली थी. अब इस सिपाही के इस्तीफे के बाद बरेली एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है.
अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी
इस पूरे मामले में अभी पेंच फंसा हुआ है. बरेली पुलिस प्रशासन या किसी भी आला अधिकारी की तरफ से इस वीडियो और इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
ADVERTISEMENT










