Daalmandi Road Widening: काशी विश्वनाथ धाम के लिए बनाए जा रहे वैकल्पिक मार्ग के तहत वाराणसी के मुस्लिम बहुल इलाके दालमंडी के चौड़ीकरण का काम अब अंतिम दौर में पहुंच गया है. इस चौड़ीकरण परियोजना की जद में आने वाली 6 मस्जिदों पर जल्द ही बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है. इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग, वाराणसी विकास प्राधिकरण और नगर निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 5 मस्जिदों के अंदर और बाहर बकायदा फीता डालकर पैमाइश की. इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे दालमंडी इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया जिसके बाद एहतियातन पीएसी और आरआरएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
60 फीट चौड़ा होगा दालमंडी मार्ग
वाराणसी के सबसे व्यस्त और घने बाजारों में शुमार दालमंडी मार्ग को लगभग 17.4 मीटर यानी करीब 60 फीट तक चौड़ा किया जाना है. 650 मीटर की पूरी लंबाई में होने वाले इस चौड़ीकरण की जद में कुल 187 भवन आ रहे हैं जिनमें 6 मस्जिदें भी शामिल हैं. प्रशासन की ओर से अब तक कुल 181 चिन्हित भवनों में से 140 पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेजी से चलाई जा रही है.
दालमंडी की इन प्रमुख मस्जिदों की हुई नापी
परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासनिक टीम ने दालमंडी की गलियों में स्थित धार्मिक स्थलों की पैमाइश शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बकायदा मेजरमेंट टेप के जरिए यह नापा कि मस्जिदों का कितना हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आकर ध्वस्त होगा. बता दें जिन मस्जिदों की नापी की गई उनमें मिर्जा करीमुल्लाह बेग मस्जिद, संगेमरमर मस्जिद, अली रज़ा खान मस्जिद, निसारन मस्जिद, रंगीले शाह मस्जिद शामिल हैं. नई सड़क की तरफ स्थित लंगड़े हाफिज़ मस्जिद की नापी प्रशासनिक टीम द्वारा पहले ही पूरी की जा चुकी है.
अगले 3 महीने में तैयार होगी सड़क
कार्य की प्रगति और समय-सीमा की जानकारी देते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि अब तक कुल चिन्हित भवनों में से 100 से अधिक भवनों को पूरी तरह जमींदोज किया जा चुका है. जबकि बाकी बचे 40 भवनों को तोड़ने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है.अधिकारियों के मुताबिक 'इस जून महीने के अंत तक सभी चिन्हित इमारतों और हिस्सों को ढहाने का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा. इसके तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और अगले 3 महीनों के भीतर इस पूरे वैकल्पिक मार्ग को बनाकर तैयार कर दिया जाएगा.'
ADVERTISEMENT










