Saharanpur Heatwave News: जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है. जिला अस्पताल में पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.
ADVERTISEMENT
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि गर्मी के कारण पाचन संबंधी समस्याओं में बढ़ोतरी हुई है, खासतौर पर पेट दर्द, लूज मोशन, उल्टी और बुखार के मरीज अधिक संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं. हालांकि अन्य सामान्य बीमारियों के मरीजों की संख्या पहले की तरह ही बनी हुई है.
सीएमओ ने कहा कि गर्मी के मौसम में फल और अन्य खाद्य पदार्थों को अत्यधिक ठंडा खाने से भी पेट संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. उन्होंने लोगों से आम, तरबूज, खरबूजा समेत अन्य फलों को सामान्य तापमान पर खाने की सलाह दी. साथ ही धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा भोजन करने और भोजन से पहले हाथों को अच्छी तरह धोने की अपील की.
हिटवेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है, सीएमओ के अनुसार अस्पताल में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर मरीजों के लिए बेड भी आरक्षित किए गए हैं, फिलहाल गंभीर हिटवेव का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. वहीं आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए भी तैयारी शुरू कर दी गई है.
सीएमओ ने बताया कि 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया जाएगा. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मरीजों की खोज करेंगी तथा मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की पहचान करेंगी. लोगों को घरों, कूलरों, टायरों, गमलों और जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई रखने के लिए जागरूक भी किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है.
ADVERTISEMENT










