Saharanpur ATS News: सहारनपुर में ATS की दोबारा दस्तक से नानौता में हलचल, संदिग्ध के घर घंटों चली छानबीन

Newzo

• 05:30 PM • 17 Jun 2026

ATS raid Saharanpur: सहारनपुर के नानौता में भोपाल एटीएस संदिग्ध नईम अब्दुल्ला को साथ लेकर उसके घर पहुंची और घंटों तलाशी अभियान चलाया. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व दस्तावेजों की जांच की गई. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, जबकि जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू को खंगालने में जुटी हैं.

 Saharanpur ATS News

Saharanpur ATS News

Google CTA

ATS raid Saharanpur: सहारनपुर के नानौता कस्बे में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब भोपाल एटीएस की टीम एक बार फिर संदिग्ध नईम अब्दुल्ला को साथ लेकर उसके घर पहुंची. मोहल्ला अफगानान स्थित आवास पर पहुंचते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरे में लेते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया. स्थानीय पुलिस भी पूरी कार्रवाई के दौरान मौजूद रही.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भोपाल एटीएस और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम ने नईम अब्दुल्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए भोपाल ले गई थी. करीब छह दिन तक चली पूछताछ के बाद जांच एजेंसियां उसे लेकर दोबारा नानौता पहुंचीं. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान मिले कुछ महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई. 

एटीएस अधिकारियों ने घर के विभिन्न कमरों की बारीकी से जांच की, इस दौरान दस्तावेज, मोबाइल फोन, कंप्यूटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल की गई. सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां डिजिटल नेटवर्क, ऑनलाइन संपर्कों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े संभावित साक्ष्यों की तलाश कर रही हैं. कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई और कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं. सुरक्षा कारणों से मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा.

बताया जा रहा है कि यह जांच भोपाल में चल रहे एक संवेदनशील प्रकरण से जुड़ी हुई है, जिसमें कुछ संदिग्ध संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है. हालांकि एजेंसियों की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है.
 
फिलहाल एटीएस की जांच जारी है और एजेंसियां मामले से जुड़े हर पहलू को खंगालने में जुटी हुई हैं. नानौता में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता को चर्चा का विषय बना दिया है.