Saharanpur Crime News: सहारनपुर में 12 वर्षीय बच्चे के लापता होने के मामले में थाना मण्डी पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. बच्चे के मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, बेहट क्षेत्र के ग्राम महमुदपुर जाटोवाला निवासी मौलाना मोहम्मद तालिब ने थाना मण्डी में तहरीर देकर बताया था कि उनका 12 वर्षीय पुत्र खिजर, बाबा लाल दास रोड स्थित हाजी शाह कमाल मदरसे से बिना किसी को बताए कहीं चला गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना मण्डी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बच्चे की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में थाना मण्डी पुलिस तथा मिशन शक्ति टीम ने बच्चे की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया. पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों और रेलवे स्टेशन सहित कई संभावित जगहों पर खोजबीन की. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली. थाना मण्डी पुलिस ने खिजर को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया. अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
परिजनों ने पुलिस और मिशन शक्ति टीम की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया. इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक आकाश कुमार तथा महिला उपनिरीक्षक कोमल पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की तत्परता से एक परिवार की बड़ी चिंता समाप्त हो गई और बच्चा सुरक्षित अपने घर लौट आया.
ADVERTISEMENT










