Saharanpur Crime News: जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1400 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे एक कैंटर/ट्रक को पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
ADVERTISEMENT
एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नुक्कड़ के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है. सूचना के आधार पर सरसावा-अंबाला रोड स्थित टोल प्लाजा के आगे संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया.
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में ट्रक से 1400 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जो विभिन्न ब्रांडों की थी और जिन पर केवल चंडीगढ़ राज्य में बिक्री हेतु अनुमन्य अंकित था. मौके से ट्रक चालक मोहन लाल पुत्र गुणेश राम निवासी लीलासर कोलू, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर विभिन्न राज्यों में अधिक कीमत पर सप्लाई करता था. इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई को सभी साथी आपस में बांट लेते थे.
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में आबकारी अधिनियम एवं में मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी है, बरामद ट्रक को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT










