Saharanpur News: सहारनपुर में किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Saharanpur Kisan Diwas: सहारनपुर में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने विभिन्न समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं. जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए. कार्यक्रम में किसानों को फसल प्रबंधन, पशुपालन, सोलर पंप, कार्बन क्रेडिट और सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई.

 Saharanpur Kisan Diwas

Saharanpur Kisan Diwas

Newzo

• 05:22 PM • 17 Jun 2026

follow google news

Saharanpur News: कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आज जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं.

यह भी पढ़ें...

जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.

कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. वीरेन्द्र वर्मा ने खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान में संतुलित उर्वरकों के प्रयोग तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी. वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एम.पी. सिंह ने पशुओं में होने वाले रोगों, उनके बचाव, संतुलित आहार और टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने किसानों को मृदा की उर्वरता बढ़ाने के लिए हरी खाद एवं ढैंचा की बुवाई करने की सलाह दी. जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने उद्यान विभाग की योजनाओं की जानकारी दी. यू.पी. नेडा के आर.बी. वर्मा ने किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप स्थापित कराने की योजना के बारे में बताया और इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया. 

इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक गुंजन विश्वकर्मा ने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की जानकारी दी. उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने कहा कि जिले में कार्बन क्रेडिट योजना के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है. उन्होंने किसानों से फार्मर आईडी अवश्य बनवाने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में इसके बिना सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना कठिन होगा. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा लगभग 50 किसान उपस्थित रहे.