भारतीय रिज़र्व बैंक में बिना परीक्षा दिए मिलेगा नौकरी करने का मौका, चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा 1.50 लाख मासिक सैलरी

RBI Young Professionals Vacancy 2026: आरबीआई यंग प्रोफेशनल्स के तहत 12 पदों पर भर्ती निकली है. बिना लिखित परीक्षा के उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के जरिए होगा. चयनित अभ्यर्थियों को ₹1.50 लाख मासिक स्टाइपेंड मिलेगा. आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 है.

UP Tak

RBI Vacancy

यूपी तक

• 01:04 PM • 18 Jun 2026

follow google news

RBI Young Professionals Vacancy 2026: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. भारतीय रिज़र्व बैंक(RBI) ने यंग प्रोफेशनल्स कि भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. खास बात यह है कि इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बिना किया जाएगा. चयन शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू के आधार पर होगा. चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 1.50 लाख का फिक्स्ड स्टाइपेंड मिलेगा. 

यह भी पढ़ें...

12 अलग अलग क्षेत्रों में निकली भर्ती 

RBI ने कुल 12 पदों पर यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती निकाली है. इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को मुंबई स्थित RBI के सेंट्रल ऑफिस में काम करने का मौका मिलेगा.

पद और वैकेंसी विवरण 

RBI ने विभिन्न क्षेत्रों में यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति के लिए आवेदन निकले है. खास बात यह है की हर क्षेत्र के लिए एक- एक पद तय किया गया है. भर्ती साइबर सिक्योरिटी एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी रिस्क पॉलिसी एनालिटिक्स क्लाइमेट चेंज रिस्क एंड सस्टेनेबल फाइनेंस क्रेडिट रिस्क एनालिटिक्स एंड रेगुलेटरी पॉलिसी पेमेंट इकोसिस्टम पॉलिसी डोमेस्टिक रिसर्च और क्रॉस बॉर्डर पेमेंट सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्वांटम टेक्नोलॉजी डाटा एनालिसिस फाइनेंशियल मार्केट्स डाटा एनालिटिक्स एंड पॉलिसी रिसर्च और पॉलिसी एंड रिसर्च (देपर) जैसे क्षेत्रों में की जाएगी. 

यानी कुल 12 अलग-अलग डोमेन में एक-एक उम्मीदवार का चयन किया जाएगा.

शैक्षिक योग्यता क्या है?

RBI ने अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग शैक्षिक योग्यताएं तय की हैं. उम्मीदवार जिस क्षेत्र के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें उसी से संबंधित विषय में डिग्री या पोस्ट ग्रेजुएशन होना चाहिए.

साइबर सिक्योरिटी एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी रिस्क पद के लिए साइबर सिक्योरिटी, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, कंप्यूटर साइंस, आईटी, डाटा साइंस या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पोस्ट ग्रेजुएशन या समकक्ष डिग्री जरूरी है.

पॉलिसी एनालिटिक्स के लिए कंप्यूटर साइंस या आईटी में BE/BTech/ME/MTech अथवा स्टैटिस्टिक्स या डाटा साइंस में मास्टर डिग्री मांगी गई है.

क्लाइमेट चेंज रिस्क एंड सस्टेनेबल फाइनेंस क्षेत्र में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास क्लाइमेट स्टडीज, एनवायरमेंटल साइंस, एनवायरमेंटल मैनेजमेंट, क्लाइमेट फाइनेंस, इकोनॉमिक्स, फाइनेंस या बैंकिंग एंड फाइनेंस जैसे विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन होना चाहिए.

पेमेंट इकोसिस्टम पद के लिए इकोनॉमिक्स, स्टैटिस्टिक्स, फाइनेंस, कॉमर्स, पब्लिक पॉलिसी या डाटा एनालिसिस में पोस्ट ग्रेजुएशन, या फिर BE/BTech/ME/MTech अथवा चार्टर्ड अकाउंटेंट की योग्यता मान्य होगी.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पद के लिए AI, कंप्यूटर साइंस, डाटा साइंस, पब्लिक पॉलिसी या संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन जरूरी है.

डाटा एनालिसिस पद के लिए स्टैटिस्टिक्स या इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन होना चाहिए.

वहीँ पालिसी एंड रिसर्च के लिए उम्मीदवार के पास इकोनॉमिक्स में मास्टर्स या पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए. इसके आलावा गणित या संख्याकी से जुड़े विषय का अध्ययन किया होना भी जरूरी है. 

आयु सीमा

आरबीआई यंग प्रोफेशनल्स पदों के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 6 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को हर महीने ₹1,50,000 का फिक्स्ड स्टाइपेंड दिया जाएगा. यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से 3 साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी, जिसे जरूरत के अनुसार अधिकतम 5 साल तक बढ़ाया जा सकता है.

हालांकि उम्मीदवारों को किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता या अन्य सुविधा नहीं दी जाएगी. जॉब लोकेशन मुंबई रहेगी.

कैसे करें आवेदन?

RBI की आधिकारिक वेबसाइट या opportunities.rbi.org.in पर जाएं.

"Engagement of Young Professionals in Reserve Bank of India" लिंक पर क्लिक करें.

भर्ती नोटिफिकेशन डाउनलोड करें.

आवेदन फॉर्म का प्रिंट निकालकर सभी जरूरी जानकारी भरें.

पासपोर्ट साइज की फोटो लगाएं और हस्ताक्षर करें.

फॉर्म, CV, शैक्षिक प्रमाण पत्र, मार्कशीट, डिग्री और अन्य जरूरी दस्तावेज स्कैन करें.

सभी दस्तावेजों को PDF में तैयार करके yphrmdco@rbi.org.in पर ईमेल करें.

कैसे होगा सिलेक्शन?

RBI इस भर्ती में किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं करेगा. उम्मीदवारों का चयन निम्न चरणों के आधार पर किया जाएगा. सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की जाएगी और पात्र उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. इसके बाद उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा ताकि शैक्षिक योग्यता और अन्य आवश्यक मानदंडों की पुष्टि हो सके. अंतिम चरण में चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा, जिसके प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा.

RBI वैकेंसी की संख्या को देखते हुए सीमित उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुला सकता है. इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से सूचना और कॉल लेटर भेजा जाएगा.

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)