यूपी में फैक्ट्री और बिजनेस शुरू करने का बड़ा मौका, सरकार इटावा में दे रही है जमीन, जानें कैसे करें अप्लाई

Etawah IMLC Plot Allotment: यूपी के इटावा में बिजनेस और फैक्ट्री लगाने का सुनहरा मौका. UPEIDA ने शुरू किया इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में जमीन का आवंटन. जानें पूरी डिटेल और आवेदन का तरीका.

Etawah IMLC

Etawah IMLC

दीक्षा सिंह

• 12:20 PM • 26 Jun 2026

follow google news

Etawah IMLC Plot Allotment 2026: उत्तर प्रदेश में अपना बिजनेस शुरू करने या नई फैक्ट्री लगाने की सोच रहे लोगों के लिए एक बेहद शानदार खबर है. योगी सरकार के निर्देश पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) एक खास प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है. इसके तहत इटावा में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) तैयार किया जा रहा है. सबसे बड़ी बात यह है कि सरकार ने यहां उद्योगों के लिए जमीन का आवंटन (Plot Allotment) भी शुरू कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

अगर आप भी लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग या सप्लाई चेन के बिजनेस से जुड़ना चाहते हैं तो यह आपके लिए सबसे सही और मुफीद समय साबित हो सकता है. आइए जानते हैं इस प्रोजेक्ट की पूरी डिटेल और आप इसके लिए कैसे अप्लाई कर सकते हैं.

क्यों बिजनेस के लिए पहली पसंद बन रहा है इटावा IMLC?

इटावा का यह नया औद्योगिक क्षेत्र पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस है. निवेशकों और बिजनेस करने वालों को आकर्षित करने के लिए सरकार यहां कई तरह की वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं दे रही है.

शानदार कनेक्टिविटी: एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे के नेटवर्क से जुड़े होने के कारण यहां से देश के किसी भी कोने में माल लाना और ले जाना बेहद आसान और तेज होगा.

मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर: फैक्ट्री सेटअप करने के लिए चौड़ी सड़कें, 24 घंटे बिजली की पक्की व्यवस्था और पानी की पूरी सुविधाएं पहले से ही प्लान की गई हैं.

मजदूरों के लिए घर (Worker Housing): इस क्लस्टर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कंपनियों में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों के लिए परिसर के अंदर ही रहने (आवासीय) की व्यवस्था की जाएगी.

लॉजिस्टिक्स और स्टोरेज सपोर्ट: भारी मात्रा में माल को स्टोर करने, वेयरहाउसिंग और उसे सही सलामत दूसरी जगहों पर भेजने के लिए एडवांस्ड लॉजिस्टिक्स सपोर्ट सिस्टम तैयार किया गया है.

जमीन का आवंटन शुरू, ऐसे करें आवेदन

उत्तर प्रदेश सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने के लिए इटावा IMLC में प्लॉट्स का आवंटन शुरू कर दिया है. देश-विदेश के निवेशकों को यूपी की इस नई औद्योगिक क्रांति का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है.

अगर आप भी उपलब्ध जमीन (Land Bank) की स्थिति देखना चाहते हैं, नियम-शर्तें जानना चाहते हैं या अपनी बुकिंग करना चाहते हैं, तो सरकार के इन आधिकारिक पोर्टल्स पर विजिट कर सकते हैं.

http://gis.oimsupeida.in/GIS/Index?Node

http://niveshmitra.up.nic.in (निवेश मित्र पोर्टल)

http://upeida.up.gov.in/en/article/all (यूपीडा की आधिकारिक वेबसाइट)