UPPSC PCS 2026: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा यानी पीसीएस (PCS) परीक्षा 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही आयोग ने ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया भी 25 जून 2026 से शुरू कर दी है. जो भी अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं. बता दें कि आवेदन करने के इच्छुक सभी उम्मीदवारों के लिए फॉर्म भरने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
आवेदन के लिए इन डेट्स का रखें ध्यान
बता दें कि जारी नोटिफिकेशन के अनुसार योग्य उम्मीदवार 27 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा शुल्क जमा करने की लास्ट डेट 27 जुलाई 2026 ही तय की गई है. इसके अलावा अगर किसी अभ्यर्थी से फॉर्म भरते समय कोई चूक या गलती हो जाती है तो उसे सुधारने का मौका भी दिया जाएगा. उम्मीदवार अपने फॉर्म में संशोधन या सुधार 3 अगस्त 2026 तक कर सकेंगे.
कितने पदों पर होगी भर्ती ?
इस साल आयोग ने करीब 500 रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, यह संख्या स्थाई नहीं है और विभागों की जरूरत और मांग के आधार पर अंतिम चयन तक इन पदों की संख्या बढ़ और घट भी सकती है. इस भर्ती अभियान के माध्यम से राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में पदों को भरा जाएगा. इनमें डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO), असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (ARTO), ट्रेजरी ऑफिसर, जेल अधीक्षक और जिला कल्याण अधिकारी जैसे रसूखदार और जिम्मेदारी वाले पद शामिल हैं.
क्या है जरूरी शैक्षणिक योग्यता?
यूपी पीसीएस 2026 के लिए आवेदन करने के लिए सामान्य तौर पर अभ्यर्थी के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. हालांकि, कुछ प्रशासनिक पदों के लिए विशेष शैक्षणिक योग्यता की मांग की गई है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में योग्यता से जुड़ी डिटेल्स पढ़ सकते हैं.
क्या है आयु सीमा?
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी. सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 40 साल तय की गई है. वहीं राजकीय इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उम्र 30 से 40 साल के बीच होनी चाहिए.
दिव्यांग (PH) श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में राहत दी गई है, उनके लिए यह सीमा 55 साल तक रखी गई है. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणी के सभी उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी.
क्या है सिलेक्शन प्रोसेस?
यूपी पीसीएस 2026 में अंतिम चयन के लिए उम्मीदवारों को तीन चरणों से गुजरना होगा, जिनमें प्रीलिम्स, मैन्स और इंटरव्यू शामिल हैं. सबसे पहले प्रीलिम्स परीक्षा होगी जो पूरी तरह ऑब्जेक्टिव (MCQ) होगी और इसमें दो पेपर होंगे. पहला पेपर सामान्य अध्ययन का होगा जिस में 200 अंकों के 150 सवाल पूछे जाएंगे. दूसरा पेपर सीसैट का होगा जिसमें 200 अंकों के 100 प्रश्न होंगे. सीसैट केवल क्वालिफाइंग पेपर है और इसमें पास होने के लिए कम से कम 33 परसेंट मार्क्स लाना जरूरी होता है.
प्रीलिम्स पास करने वाले उम्मीदवारों को मैन्स के लिए बुलाया जाएगा. यह पूरी तरह लिखित (डिस्क्रिप्टिव) परीक्षा होगी और कुल 1500 मार्क्स की होगी. इसमें सामान्य हिंदी का 150 नंबर का पेपर और निबंध का 150 नंबर का पेपर शामिल होगा. इसके अलावा जनरल स्टडीज के कुल छह पेपर होंगे, जिनमें प्रत्येक पेपर 200 मार्क्स का होगा.
मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को लास्ट स्टेज यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा जो 100 मार्क्स का होग . इसमें उम्मीदवार की सोचने की क्षमता, सामान्य ज्ञान, निर्णय लेने की क्षमता और व्यक्तित्व का मूल्यांकन किया जाएगा. इन तीनों चरणों के आधार पर ही अंतिम चयन किया जाता है.
विशिष्ट पदों के लिए शारीरिक योग्यता
प्रशासनिक सेवा के कुछ खास पदों जैसे डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), जेल अधीक्षक और आबकारी निरीक्षक के लिए उम्मीदवारों को सिर्फ पढ़ाई और मानसिक योग्यता ही नहीं, बल्कि शारीरिक मानकों पर भी खरा उतरना जरूरी होता है. उदाहरण के तौर पर DSP पद के लिए पुरुष उम्मीदवार की सामान्य तौर पर न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर होनी चाहिए. जो उम्मीदवार इन तय किए गए शारीरिक मानकों को पूरा नहीं करते हैं, उन्हें इन विशेष पदों के लिए योग्य नहीं माना जाता है.
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग शुल्क तय किया गया है, जिसमें परीक्षा शुल्क और ऑनलाइन प्रोसेसिंग चार्ज शामिल हैं. सामान्य, ईडब्ल्यूएस (EWS) और ओबीसी (OBC) वर्ग के उम्मीदवारों को 125 रुपये शुल्क देना होगा.अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 65 रुपये रखा गया है. वहीं दिव्यांग उम्मीदवारों को 25 रुपये शुल्क देना होगा और भूतपूर्व सैनिकों के लिए आवेदन शुल्क 65 रुपये निर्धारित किया गया है.
परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी नए अपडेट के लिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से यूपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने और अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर व ईमेल को चेक करते रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: Lucknow Weather 26 June: लखनऊ में आज 41 डिग्री तापमान के साथ चलेगी भीषण लू, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
ADVERTISEMENT










