UP Anganwadi Vacancy 2026: यूपी में 28600 पदों पर जल्द होने वाली है महिला आंगनवाड़ी भर्ती, 12वीं पास का सिर्फ मेरिट पर होगा सिलेक्शन

UP Anganwadi Vacancy 2026: यूपी आंगनवाड़ी भर्ती को लेकर बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश में 28,608 आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है. 12वीं पास महिलाओं को आवेदन का मौका मिलेगा और चयन मेरिट के आधार पर किया जा सकता है. जानें पात्रता, आयु सीमा, जरूरी दस्तावेज, मानदेय और भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी.

UP Tak

UP Anganwadi Vacancy

यूपी तक

• 01:22 PM • 20 Jun 2026

follow google news

UP Anganwadi Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य में आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर के हज़ारों खाली पदों को भरने की तैयारी चल रही है. उत्तर प्रदेश में कुल 28,608 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है. खास बात यह है कि इस भर्ती में 12वीं पास महिला अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा और चयन लिखित परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर किया जा सकता है. 

यह भी पढ़ें...

कितने पदों पर होगी भर्ती?

महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत प्रदेशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की तैयारी की जा रही है. भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद विभिन्न जिलों में नियुक्तियां की जाएंगी. जिसमें से आंगनवाड़ी वर्कर के पदों के लिए  7,068 रिक्त स्थान और आंगनवाड़ी हेल्पर के लिए  21,540 पद भरे जाएंगे. 

कौन कर सकेगा आवेदन?

इस भर्ती के लिए केवल महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकती हैं. उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. इसके साथ ही आवेदक महिला को उसी गांव, वार्ड या जिले की स्थानीय निवासी होना होगा, जहां के लिए वह आवेदन कर रही है. भर्ती प्रक्रिया के दौरान शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ निवास संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे.

आयु सीमा क्या होगी?

आंगनवाड़ी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है. उम्मीदवारों की आयु की गणना हाईस्कूल प्रमाण पत्र में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर की जाएगी. हालांकि, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिल सकती है. 

आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज होंगे जरूरी?

भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी. इनमें 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, सक्रिय मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी शामिल हैं. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को जाति प्रमाण पत्र भी जमा करना पड़ सकता है. हालांकि, दस्तावेजों की अंतिम सूची भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

मौजूदा समय में आंगनवाड़ी कर्मचारियों को मानदेय दिया जाता है. वर्तमान में आंगनवाड़ी वर्कर को ₹8,000 प्रति माह और आंगनवाड़ी हेल्पर को ₹2,250 प्रति माह दिया जाएगा. हालांकि, सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है. अगर प्रस्ताव लागू होता है तो कार्यकर्ताओं का मानदेय ₹12,000 और हेल्परों का मानदेय ₹5,250 प्रति माह तक पहुंच सकता है.

कब जारी होगा नोटिफिकेशन?

फिलहाल 28,608 पदों वाली भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे महिला एवं बाल विकास विभाग और यूपी आंगनवाड़ी भर्ती की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. भर्ती से जुड़ी आवेदन तिथि, किस जिले में कितने पद हैं और अन्य नियमों की जानकार नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सामने आएगी.

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)