UPSSSC Pharmacist Recruitment: यूपी में नौकरी करने का सपना देख रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएससी) ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा निदेशालय में फार्मासिस्ट के 560 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. आयोग ने ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं और इच्छुक अभ्यर्थी 29 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं. बता दें कि इस भर्ती प्रक्रिया में मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 (प्रारंभिक योग्यता परीक्षा) के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर की जाएगी. इस भर्ती के लिए केवल वही अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में भाग ले सकेंगे, जिन्होंने PET-2025 में सकारात्मक स्कोर प्राप्त किया है.
ADVERTISEMENT
मुख्य परीक्षा के लिए पात्रता और शॉर्टलिस्टिंग
बता दें कि आयोग ने साफ किया है कि मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों के पास विज्ञापित पद के लिए आवश्यक योग्यता होना जरूरी है. आयोग का कहना है कि उन्हें PET-2025 में हिस्सा लेना चाहिए और आयोग द्वारा जारी स्कोरकार्ड प्राप्त होना चाहिए. मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग उनके PET-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट में की जाएगी.
जिन अभ्यर्थियों का वास्तविक या नार्मलाइज्ड स्कोर शून्य या नकारात्मक है, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा. वहीं जिन मामलों की आयोग स्तर पर जांच चल रही है या जिन्हें प्रोविशनल रूप से चिन्हित किया गया है, उन्हें मुख्य परीक्षा में आवेदन करने की अनुमति दी जा रही है. इन अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और आगे की चयन प्रक्रिया जांच के परिणामों पर निर्भर होगी.
आवेदन शुल्क और लास्ट डेट
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि आवेदन जमा करने और शुल्क का भुगतान करने की लास्ट डेट 29 मार्च है. इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. आवेदन पत्र का प्रिंटआउट तब तक नहीं लिया जा सकेगा जब तक बैंक द्वारा शुल्क का एडजस्टमेंट पूरा नहीं हो जाता. अभ्यर्थी बैंक से शुल्क का एडजस्टमेंट तय डेट तक या अधिकतम 5 अप्रैल तक कर सकते हैं.
आवेदन में संशोधन की सुविधा
बता दें कि निर्धारित टाइम लिमिट के दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में आवश्यक जानकारी को संशोधित भी कर सकते हैं. आवेदन और परीक्षा से संबंधित पूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
ADVERTISEMENT









