नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पर होने जा रही है हजारों पदों पर बड़ी भर्ती, 10वीं-12वीं पास युवा कर सकते हैं अप्लाई

Jewar Airport Recruitment 2026: नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पर 2400 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसमें 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार ग्राउंड स्टाफ, लोडर और कार्गो एग्जीक्यूटिव जैसे पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं.

यूपी तक

• 03:43 PM • 13 Apr 2026

follow google news

Jewar Airport Recruitment 2026: अगर आप भी अपनी 10वीं या 12वीं की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और एक बढ़िया नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है. आपको बता दें कि नोएडा में नए बने जेवर एयरपोर्ट पर कई पदों पर बड़ी भर्ती निकाली गई है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार यहां लोडर, एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ और कार्गो एग्जीक्यूटिव जैसे पदों के लिए अप्लाई कर सकते हैं. इस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है और इसके माध्यम से कुल 2400 पदों को भरा जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जेवर एयरपोर्ट की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इसके पहले चरण का उद्घाटन किया है और अब यहां जल्दी ही उड़ानें शुरू की जाएंगी. इसी वजह से अब यहां नई नौकरियां निकाली जा रही हैं.

यह भी पढ़ें...

किस पद पर हैं कितनी रिक्तियां?

इस भर्ती के जरिए कुल 2400 पदों को भरा जाएगा. इन सभी पदों के लिए अलग-अलग योग्यता, एज लिमिट और सैलरी तय की गई है. जेवर एयरपोर्ट द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार एयरपोर्ट स्टाफ के 1257 पदों पर भर्ती की जाएगी. इस पद पर अप्लाई करने वाले उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवार की एज भी 18 से 30 साल के बीच ही होनी चाहिए. इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को 25 से 30 हजार के बीच सैलरी मिलेगी.

वहीं अगर एयरपोर्ट लोडर के पद की बात करें तो इसके 546 पदों पर सिर्फ 10वीं पास पुरुष उम्मीदवार ही अप्लाई कर सकते हैं. इसमें चयनित उम्मीदवारों की एज 20 से 30 साल के बीच होनी चाहिए और उन्हें 15000 से 20000 के बीच सैलरी दी जाएगी.

इसके अलावा कार्गो एग्जीक्यूटिव के 639 पदों पर भर्ती की जाएगी. इन पदों पर भी नौकरी पाने के लिए उम्मीदवार को 12वीं पास होना जरूरी है. वहीं अगर एज लिमिट की बात करें तो अभ्यर्थी की आयु 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए. इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को भी 25000 से 35000 प्रति माह तक सैलरी मिलने की संभावना है.

कैसे किया जाएगा सिलेक्शन?

इस भर्ती में सिलेक्शन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले रिटन एग्जाम देना होगा, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. रिटन एग्जाम में उम्मीदवारों से जनरल अवेयरनेस, एप्टीट्यूड, रीजनिंग, इंग्लिश और एविएशन से जुड़े विषयों से सवाल पूछे जाएंगे.

मिली जानकारी के अनुसार, यह परीक्षा लगभग 90 मिनट की होगी और इसमें कुल 100 मार्क्स का क्वेश्चन पेपर दिया जाएगा. परीक्षा का स्तर 10वीं और 12वीं कक्षा के अनुसार रखा जाएगा, ताकि सभी उम्मीदवार इसे आसानी से दे सकें. इस परीक्षा में मिले मार्क्स के आधार पर ही उम्मीदवारों का सेलेक्शन किया जाएगा.

कैसे करें अप्लाई

इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट www.niasjewar.com पर जाएं.

इसके बाद अपनी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करें.

रजिस्ट्रेशन करने के बाद लॉग-इन करके आवेदन फॉर्म भरें.

मांगी गई जानकारी सही-सही फिल करें.

फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें.

आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म का प्रिंट सुरक्षित रखें.

बताया जाता है कि आवेदन करने की लास्ट डेट 15 जून 2026 है. इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

यह भी पढ़ें: यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं रिजल्ट upresults.upmsp.edu.in पर होगा जारी, जानें क्या रहा है पिछले 5 सालों का ट्रेंड