Sitapur farmers protest: संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले महोली तहसील के 56 गांवों की गंभीर बिजली समस्या को लेकर किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. यह मामला बड़ागांव क्षेत्र से जुड़ा है, जहां लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
किसान नेता पिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए बड़ागांव में जल्द से जल्द नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की गई है. वर्तमान में इन गांवों को लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित मूडाहुसा फीडर से बिजली मिल रही है, जिसके कारण बार-बार कटौती, कम वोल्टेज और तकनीकी खराबियां होती रहती हैं.
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि लाइनमैन की कमी के कारण छोटी खराबियों को ठीक करने में भी कई दिन लग जाते हैं, जिससे किसानों, छात्रों और आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है. इस दौरान सेमरावा के प्रधान अतुल मिश्रा, परसेहरा ढकिया के प्रधान कुलेंद्र यादव, बगचन के प्रधान उमेश अवस्थी और शेर बहादुर समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.
संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि 26 अप्रैल तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो 27 अप्रैल को नवीन गल्ला मंडी सीतापुर से जिलाधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









