UPSSSC Vidhan Bhavan Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी ढूंढ रहे युवाओं के लिए एक अच्छा मौका सामने आया है. राज्य में लगातार नई भर्तियों की घोषणा हो रही है, जिसके चलते प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बढ़िया अवसर मिल रहे हैं. इसी क्रम में अब उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सचिवालय से जुड़ी एक बड़ी भर्ती का एडवर्टाइजमेंट जारी कर दिया है. यह भर्ती इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इसमें 12वीं पास युवा भी अप्लाई कर सकते हैं. बता दें कि इस भर्ती में सेलेक्टेड उम्मीदवारों को विधान भवन में काम करने का मौका मिलेगा. आयोग ने इस भर्ती का विज्ञापन 10 अप्रैल को जारी किया है और इसमें विधान भवन गार्ड और फायर वार्डन के पदों पर नियुक्ति की जानकारी दी गई है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने और शुल्क जमा करने की लास्ट डेट 29 जून 2026 तय की गई है. इसके अलावा, आवेदन में किसी भी प्रकार के करेक्शन की लास्ट डेट 06 जुलाई 2026 तय की गई है.
ADVERTISEMENT
170 पदों पर होगी भर्ती
बता दें कि इस भर्ती के तहत कुल 170 खाली पदों को भरा जाएगा. इसमें 120 पद विधान भवन गार्ड के लिए और 50 पद विधान भवन फायर गार्ड के लिए तय किए गए हैं. इसके अलावा अगर सैलरी की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 21,700 से 69,100 रुपये वेतन दिया जाएगा.
यह भर्ती मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन से संबंधित है, जिसमें वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 में भाग लिया है. PET स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.
शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) या उसके समकक्ष परीक्षा पास होने का सर्टिफिकेट होना जरूरी है.
वहीं अगर आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल तय की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु में छूट दी जाएगी.
क्या हैं फिजिकल स्टैंडर्ड?
इस भर्ती में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग फिजिकल स्टैंडर्ड्स तय किए गए हैं. पुरुष उम्मीदवारों के लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेमी तय की गई है, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 160 सेमी है. इसके साथ ही पुरुष अभ्यर्थियों के लिए छाती की माप सामान्य अवस्था में कम से कम 84 सेमी और आरक्षित वर्ग के लिए 82 सेमी होना जरूरी है, साथ ही छाती में न्यूनतम फैलाव भी अनिवार्य है.
वहीं महिला उम्मीदवारों के लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति की अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई 152 सेमी तय की गई है, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं के लिए न्यूनतम ऊंचाई 147 सेमी रखी गई है.
क्या है सिलेक्शन प्रोसेस
इस भर्ती में सिलेक्शन प्रोसेस में सबसे पहले उम्मीदवारों को PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए चुना जाएगा. आमतौर पर उपलब्ध पदों की संख्या के लगभग 15 गुना उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाता है. मुख्य परीक्षा के बाद आगे की प्रक्रिया में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और आवश्यकतानुसार अन्य परीक्षण शामिल हो सकते हैं.
ADVERTISEMENT









