उत्तर प्रदेश पुलिस ने पुलिस भर्ती से संबंधित एक जरूरी सूचना जारी की है. यूपी पुलिस ने अपने X पोस्ट में फरमान जारी करते हुए कहा है कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्रों या उनमें पूछे गए सवालों पर चर्चा, उनका विश्लेषण या उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर करने की अनुमति अब नहीं होगी. यह नियम विशेष रूप से कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और आम जनता सभी के लिए है.
ADVERTISEMENT
नियम तोड़ने पर क्या होगा?
अगर कोई भी व्यक्ति परीक्षा सामग्री को लीक करता है या उस पर वीडियो/पोस्ट बनाकर शेयर करता है, तो उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत कड़ी कार्रवाई होगी. अन्य संबंधित कानूनों के तहत जेल और भारी जुर्माना दोनों हो सकते हैं.
यहां देखें पुलिस का X पोस्ट:
आखिर यूपी पुलिस ने ऐसा फैसला क्यों लिया?
अफवाहों को रोकना
अक्सर पेपर खत्म होते ही कुछ लोग सोशल मीडिया पर एनालिसिस के नाम पर भ्रामक दावे करने लगते हैं. इससे छात्रों में भ्रम और डर फैलता है. ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस इस तरह की किसी भी स्थिति को जड़ से खत्म करना चाहती है.
अगली शिफ्ट के छात्रों को अनुचित लाभ
जब पहली शिफ्ट के सवालों का विश्लेषण इंटरनेट पर आ जाता है, तो दूसरी या तीसरी शिफ्ट में बैठने वाले छात्रों को पता चल जाता है कि किस टॉपिक से सवाल पूछे जा रहे हैं. इससे परीक्षा की बराबरी का नियम टूटता है. सबको एक समान मौका मिले, इसलिए चर्चा बंद की गई है.
नकल माफिया पर चोट
पेपर लीक करने वाले गिरोह अक्सर स्टडी ग्रुप या डिस्कशन ग्रुप की आड़ में ही अभ्यर्थियों को फंसाते हैं. इस प्रतिबंध से पुलिस के लिए उन लोगों को पकड़ना आसान होगा जो पेपर का कंटेंट इधर-उधर फैला रहे हैं.
ADVERTISEMENT









