गोंडा में हाईकोर्ट के वकील सुभाष चंद्र मिश्रा को मार डाला, इस हत्याकांड की कहानी रिश्तों को भी शर्मसार कर डालेगी

UP News: यूपी के गोंडा में हाईकोर्ट के वकील सुभाष चंद्र मिश्रा की हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड से हड़कंप मच गया था. अब पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया है.

UP News

अंचल श्रीवास्तव

25 Feb 2026 (अपडेटेड: 25 Feb 2026, 06:33 PM)

follow google news

UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में 22 फरवरी के दिन होईकोर्ट के वकील सुभाष चंद्र मिश्रा की हत्या कर दी गई. इस कांड ने हड़कंप मचा कर रख दिया. इस हत्याकांड से रिश्ते भी शर्मसार हो गए. बता दें कि सुभाष चंद्र मिश्रा की हत्या का आरोप मृतक के सगे छोटे भाई पर लगा है. दरअसल दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में था. मगर इसी दौरान छोटे भाइयों और उसके साथियों ने सुभाष चंद्र मिश्रा को पीट-पीटकर मार डाला. ये मामला गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के दत्तनगर गांव- सुदईपुरवा गांव से सामने आया है. 

यह भी पढ़ें...

लाठी-डंडे बरसा कर मार डाला

आरोप है कि मृतक के छोटे भाई अरुण मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुभाष चंद्र मिश्रा को घेर लिया. इसके बाद उनपर लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए. सुभाष चंद्र मिश्रा के साथ मौजूद 2 लोगों ने उन्हें बचाने की भी कोशिश की. मगर वह बचा नहीं पाए. जब तक परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

मृतक के बेटे ने बताई पूरी कहानी

मृतक के बेटे और हाईकोर्ट में वकील अभिषेक मिश्रा ने बताया, 6 फरवरी को ही विपक्षी पक्ष सगे चाचा अरुण मिश्रा और पट्टीदारों को सुनवाई की अगली डेट मिली थी. तब तक कोर्ट ने खेत में दखल नहीं देने का आदेश दिया था. हमारी तरफ से मामले की सूचना करनैलगंज पुलिस को भी दी गई थी. मगर पुलिस की तरफ से कोई भी एक्शन नहीं लिया गया.

अभिषेक का कहना है कि घटना वाले दिन जब उसके पक्ष के लोग खेत में थे तभी दूसरे पक्ष ने उनपर हमला कर दिया. इस दौरान पिता को लाठी डंडों से मारा. अन्य लोगों को भी चोट आईं. फिर परिजन पिता को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया. यहां उनकी मौत हो गई.

चाचा के खिलाफ लिखवाई एफआईआर

बता दें कि पीड़ित बेटे ने अपने सगे चाचा अरुण मिश्रा समेत 4 के खिलाफ केस दर्ज करवाया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.  बता दें कि घटना को लेकर वकीलों में भी गुस्सा देखने को मिला है. फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक अपने पीछे 2 बेटे छोड़ गए हैं.