नशेड़ी दामाद गुलनवाज ने ससुराल जाकर सास रुखसाना को ही मार दी गोली, इसके पीछे की कहानी जान चौंक जाएंगे

जगत गौतम

• 11:20 AM • 13 Feb 2026

Moradabad Murder Case: मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते दामाद ने अपनी सास को गोली मारकर हत्या कर दी. मुख्य आरोपी फरार है, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

UP Tak
Google CTA

Moradabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है. जहां ससुराल का रिश्ता भरोसे और सम्मान पर टिका होता है, वहीं एक दामाद ने अपनी ही सास को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. एक मामूली कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में खूनखराबे का रूप ले लिया. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है.

यह भी पढ़ें...

मझोला थाना क्षेत्र में हुई वारदात

यह सनसनीखेज घटना मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर इलाके की है. जानकारी के अनुसार कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला निवासी 30 वर्षीय गुलनवाज गुरुवार शाम करीब 7 बजे अपनी ससुराल पहुंचा था. वहां उसकी 45 वर्षीय सास रुखसाना से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि गुलनवाज ने अवैध तमंचा निकालकर रुखसाना की गर्दन के पास गोली मार दी.

गोली लगते ही रुखसाना गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिवार के लोग उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.  वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. 

चार साल से चल रहा था विवाद

परिजनों के मुताबिक गुलनवाज की शादी चार साल पहले रुखसाना की बेटी से हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद चलता आ रहा था. मृतका की बेटी ने बताया कि उसका पति नशे का आदी है. घटना वाले दिन वह अपने दोस्त मुस्तफा के साथ घर आया था. परिवार वालों ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह गुस्से में आ गया और गोली चला दी.

पैसों के विवाद की वजह से हुई हत्या

इस मामले में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पैसों के विवाद की बात सामने आई है. मृतका की बेटी की तहरीर पर मुख्य आरोपी गुलनवाज और उसके साथी मुस्तफा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की गई हैं.

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिवार सदमे में है.

यह भी पढ़ें: वह मुझे नीले ड्रम में मारने वाली थी इससे पहले मैंने.... आसिम -सलीम की क्राइम फाइल खुलते ही चौंक गई पुलिस, उनके कई राज सामने आ गए